आदित्यपुर : सरायकेला खरसावां जिले के कांड्रा में बीती देर रात अज्ञात वाहन ने कांड्रा मुख्य मार्ग स्थित कई दुकानों को क्षतिग्रस्त कर दिया. सुबह दुकान खोलने पहुंचे दुकानदारों ने जब अपनी दुकानों का यह हाल देखा तो उनके होश उड़ गये. उनकी दुकानों पर लगी टीन की छत पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे उन्हें हजारों का नुकसान हुआ है. उधर अभी तक इसका कारण बने अज्ञात वाहन का कोई सुराग नहीं लग पाया है. (नीचे भी पढ़ें)
बताते चलें कि कांड्रा मुख्य बाजार में मेन रोड के किनारे स्थित कई दुकानदारों ने सड़क किनारे बनी नालियों के ऊपर भी अतिक्रमण कर लिया है. सरायकेला पुलिस अधीक्षक कार्यालय से वर्ष 2020 में उन्हें अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस भी जारी हो चुका है एवं स्थानीय थाने को भी अतिक्रमण हटवाने के लिए दिये जा चुके हैं. बावजूद इसके अतिक्रमण की स्थिति जस की तस है. ऐसे में विशेषकर पैदल चलने वाले राहगीरों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, जबकि बाजार में कई जगह अक्सर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. इस संबंध आला अधिकारियों को कई बार सूचित किये जाने के बाद भी उनकी ओर से कोई पहल नहीं की गयी और अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद होते गये. जबकि आम लोग जान जोखिम में डाल कर कांड्रा मुख्य बाजार में आवागमन करने को मजबूर हैं.




