आदित्यपुर : आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड 3 के अंतर्गत धीराजगंज में सड़क एवं नाला निर्माण का काम बुधवार को ग्रामीणों ने रुकवा दिया, हालांकि ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए संवेदक के आश्वासन के बाद काम दोबारा शुरू हुआ, मगर ग्रामीणों ने साफ कर दिया है कि कल से सड़क पर नियमित पानी का छिड़काव नहीं हुआ तो न केवल दोबारा काम रुकवा दिया जाएगा, बल्कि नगर निगम का घेराव भी किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
दरअसल रिया कंस्ट्रक्शन द्वारा आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड 3 स्थित धीराजगंज में सड़क और नाले का निर्माण कराया जा रहा है. इसके लिए विगत 6 महीनों से चल रही खुदाई के कारण पूरे इलाके में धूल उड़ रही है. सड़क निर्माण का काम विगत एक पखवाड़े से चल रहा है, किन्तु उसमें पानी का नियमित छिड़काव नहीं किया जा रहा है. वहीं धूल की वजह से फैल रहे प्रदूषण से क्षेत्र के लोगों का जीना मुहाल हो गया है. इसी को लेकर बुधवार को ग्रामीणों ने सड़क निर्माण का काम रुकवा दिया. ग्रामीणों ने बताया कि एक तरफ विकास का काम चल रहा है तो वहीं दूसरी तरफ लोग धूल फांक कर बीमार पड़ रहे हैं. इस ओर न तो नगर निगम का ध्यान जा रहा है और ना ही स्थानीय जन प्रतिनिधियों का. इसी वजह से आज काम रुकवा दिया गया. हालांकि बाद में संवेदक द्वारा नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराने का आश्वासन दिये जाने के बाद ग्रामीणों ने काम शुरू करने दिया. वहीं ग्रामीणों ने साफ किया है कि यदि नियमित रूप से पानी का छिड़काव नहीं किया गया तो काम नहीं होने दिया जाएगा और नगर निगम का घेराव भी किया जाएगा. मौके पर भाजपा ओबीसी मोर्चा के आदित्यपुर मंडल अध्यक्ष धनंजय स्वर्णकार, अमित पाल, नारायण चौधरी, प्रीतम चौधरी, अतुल पाल, सुभाष गोराई, केवी शास्त्री, नवीन स्वर्णकार, सुखदेव दास, गगन दास, संजीव उपाध्याय, सुमन कवि, सुमित पाल, रोहित दास सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.



