रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : पश्चिम सिंहभूम जिले के सिविल सर्जन डॉ साहिर पाल ने चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से बात की एवं वहां की चिकित्सा व्यवस्था की जानकारी ली. रात नौ बजे अस्पताल के औचक निरीक्षण में पहुंचे सिविल सर्जन साहिर पाल ने मरीजों से उन्हें अस्पताल की ओर से मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली. (नीचे भी पढ़ें)

वहीं अस्पताल की व्यवस्था से वे संतुष्ट नजर आये, हालांकि अस्पताल के जर्जर भवन के साथ ही चिकित्सकों एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों के क्वार्टरों की स्थिति देख दुख भी जाहिर किया. हालांकि अस्पताल को और बेहतर बनाने के लिए मौके पर उपस्थित अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अंशुमन शर्मा को आवश्यक दिशानिर्देश भी दिये. वहीं सीएस डॉ पाल ने कहा कि वे देखना चाहते थे कि अस्पताल में दिन और रात, दोनों समय मरीजों को उचित सुविधाएं मिल रही हैं या नहीं. उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से जो भी स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हों, वे मरीजों तक पहुंचनी चाहिएं एवं मरीजों को समुचित इलाज का लाभ मिले. मौके पर डीपीएम विजय कुमार, डॉ अंशुमन शर्मा, डॉ नंदू होनहागा, फार्मासिस्ट रौशन मंडल आदि मौजूद थे.











