जमशेदपुर : जमशेदपुर के टाटा लीज क्षेत्र एवं इससे सटे अन्य बस्तीयों के निवासियों को टाटा स्टील यूआइएसएल (पहले जुस्को) का विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने को लेकर कमिटी की बैठक जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित विद्युत महाप्रबंधक कार्यालय में हुई. इस बैठक मे जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सरयू राय शामिल हुए. बैठक में अधिकारियों ने बताया कि मोहरदा, मुराकाटी क्षेत्र में टाटा स्टील यूआइएसएल (पहले जुस्को) बिजली हेतु शीघ्र कार्य प्रारंभ होगा. बिजली हेतु केबुल बिछाने के लिए पथ निर्माण विभाग एवं मोहरदा ओड़िया स्कूल मैदान में सब स्टेशन के लिए जमीन का सत्यापन हेतु जमशेदपुर के अंचलाधिकारी से टाटा स्टील यूआइएसएल द्वारा अनापत्ति प्रमाण-पत्र मांगा गया है. विधायक सरयू राय ने समिति की बैठक के दौरान संबंधित अधिकारियों को दूरभाष पर अनापत्ति प्रमाण पत्र शीघ्र देने का निर्देश दिया. टाटा स्टील यूआइएसएल के अधिकारियों ने बैठक में श्री राय को बताया कि छायानगर-चंडीनगर, निर्मलनगर के लिए सब स्टेशन निर्माण का कार्य प्रगति पर है. सब स्टेशन निर्माण के लिए आवश्यक निर्माण सामग्री की खरीददारी कर ली गयी है. स्थल चिन्हित कर लिया गया तथा उक्त स्थल पर सब स्टेशन निर्माण के लिए जिला प्रशासन से सहयोग मांगा गया है. (नीचे भी पढ़ें)
विधायक श्री राय की की पहल पर बागुननगर और नामदा बस्ती में विधायक विद्युत क्षमता को बढ़ाकर 2 केवीए से 10 केवीए किया गया है, जिसके लिए आवश्यक निर्माण कार्य प्रगति पर है. बर्मामाइंस स्थित विनोबा आश्रम क्षेत्र के उपभोक्ताओं को जुस्को बिजली हेतू फार्म वितरण कर दिया गया है. इच्छुक कई उपभोक्ताओं ने फार्म जमा कर दिया गया है. शेष रह गये उपभोक्ताओं को भी फार्म जमा करने एवं टाटा स्टील यूआइएसएल बिजली लेने के लिए जुस्को द्वारा प्रक्रिया चल रही है. टाटा स्टील यूआइएसएल के अधिकारियों ने विधायक श्री राय को बताया कि मार्च, 2023 तक विनोबा आश्रम के उपभोक्ताओं को बिजली दे दी जाएगी. विधायक श्री राय ने गोलमुरी के केबुल टाऊन और केबुल बस्ती के प्रत्येक घरों को अलग-अलग बिजली प्रदान करने की बात कही. वर्तमान में यहां सिंगल प्वाइंट पर बिजली आपूर्ति की जाती है जिससे कई समस्यायें उपभोक्ताओं को उठानी पड़ती है. इसका निदान के लिए विधायक श्री राय ने पहली बैठक से ही अधिकारियों को निर्देश दिया था, जिस पर गुरुवार को हुई बैठक में अधिकारियों ने बताया कि केबुल टाऊन, डीएस फ्लैट क्षेत्र में अलग-अलग बिजली देने के लिए सर्वे पूरा कर लिया गया है. बाकी क्षेत्रों के लिए भी सर्वे किया जा रहा है. केबुल टाऊन क्षेत्र में इंकैब के इंफ्रांस्ट्रक्चर का उपयोग एवं रख रखाव के लिए टाटा स्टील यूआइएसएल प्रबंधन ने केबुल कंपनी के लिक्वीडेटर को प्रस्ताव भेजा जा रहा है. प्रस्ताव पर सहमति प्राप्त होते ही केबुल क्षेत्र के लोगों को व्यक्तिगत तौर पर उपभोक्ता बना लिया जाएगा. विधायक श्री राय ने नागरिकों को लोड शेडिंग से मुक्ति दिलवाने और जीरो कट बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने को लेकर एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव बैठक में रखा जिसे कमिटी के अध्यक्ष सह विद्युत महाप्रबंधक ने भी अपनी सहमती जतायी और इसपर अमल करने की बात कही. श्री राय ने कहा कि जब बिजली उपलब्धता पर्याप्त न हो तो ऐसी स्थिति में बिजली आपूर्ति पूर्ण करने के लिए टाटा स्टील यूआइएसएल द्वारा सिंगल प्वाइंट पर गोलमुरी ग्रिड में बिजली दी जाये. (नीचे भी पढ़ें)
इसके लिए आवश्यक उच्च स्तरीय बैठक निर्णय लिया जाएगा. ज्ञात हो कि जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने टाटा स्टील यूआइएसएल द्वारा लीज क्षेत्र के नागरिकों को विद्युत कनेक्शन देने में मनमानी करने का मामला विधानसभा में उठाया था, जिसके उपरांत टाटा स्टील यूआइएसएल क्षेत्र के सभी नागरिकों को विद्युत आपूर्ति प्रदान करने के लिए जमशेदपुर के विद्युत महाप्रबंधक की अध्यक्षता में एक कमिटी का गठन किया गया ताकि इसकी जांचकर लीज क्षेत्र के सभी निवासियों को विद्युत आपूर्ति प्रदान की जा सके. विधायक श्री राय ने जमशेदपुर शहर के सभी हाईमास्ट लाइटों में टाटा स्टील यूआइएसएल का विद्युत संयोजन की समीक्षा की जिसपर अधिकारियों ने बताया कि कार्य प्रगति पर है. मार्च तक सभी हाईमास्ट लाइट में विद्युत संयोजन कर लिया जाएगा. इसके साथ ही क्षेत्र में आवश्यकता के अनुसार स्ट्रीट लाइट लगाने की बात भी श्री राय ने कही. टेल्को स्थित भुवनेश्वरी मंदिर के हाईमास्ट लाइट पर भी विद्युत संयोजन एवं मरम्मत के लिए जमशेदपुर अक्षेस के सहायक अभियंता को निर्देश दिया. बैठक में जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सरयू राय, झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड, जमशेदपुर के महाप्रबंधक श्रवण कुमार, कार्यपालक अभियंता, टाटा स्टील यूआइएसएल के प्रतिनिधि, टाटा पावर लिमिटेड के प्रतिनिधि, जमशेदपुर अक्षेस के प्रतिनिधि, विधायक सरयू राय के निजी सचिव सुधीर सिंह के साथ ही अन्य पदाधिकारीगण मौजूद थे.



