बहरागोड़ा : बहरागोड़ा कांग्रेस युवा मोर्चा के अध्यक्ष विक्रम सिंह चौहान ने ग्रामीण विकास विभाग मंत्री को ज्ञापन सौंपकर कहा कि जमशेदपुर ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल कार्यपालक अभियंता आमंत्रित निविदा संख्या – 04/2022-23 में दबंगई और गुंडागर्दी करते हुए ग्रामीण क्षेत्र के संवेदकों को टेंडर नही डालने दिया गया है. जमशेदपुर के साकची स्थित ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता के कार्यालय के द्वारा बीते कुछ दिनों पूर्व निविदा आमंत्रण सूचना 04 / 2022-23 का अखबार में प्रकाशन किया गया था. जिसके मुताबिक 8 फरवरी और 9 फरवरी 2023 को परिमाण विपत्र की बिक्री कार्यालय के द्वारा की जानी थी, परंतु जमशेदपुर के कुछ चुनिंदा संवेदक ठेकेदार (जो कि संबंधित विभाग में निबंधित भी नहीं है) कार्यपालक अभियंता के साथ सांठगांठ कर सेटिंग किए गए ठेकेदार को विपत्र दिया जाने लगा. (नीचे भी पढ़ें)
इस दौरान ग्रामीण क्षेत्र के कई ठेकेदार के द्वारा निविदा के लिए आवश्यक दस्तावेज के साथ आवेदन दिया गया, परंतु कार्यपालक अभियंता, कार्यालय के लिपिक के द्वारा ठेकेदार को निविदा देने से मना कर दिया गया. इस दौरान उक्त ठेकेदारों के साथ बहस और दुर्व्यवहार भी की गई. साथ ही ठेकेदारों को निविदा देने से भी मना कर दिया गया और टेबल पर रखे ग्रामीण क्षेत्र के ठेकेदार के आवेदन और बैंक ड्राफ्ट को जबरन उठाकर ले लिया गया. इस दौरान कार्यालय में हंगामा भी हुआ. अंत तक कार्यालय में उन चुनिंदा ठेकेदारों की मनमानी चलती रही. साथ ही कई ठेकेदारों को निविदा भी नहीं दिया गया. 10 फरवरी को भी उक्त दबंग व्यक्तियों द्वारा वहां के पदाधिकारियों के साथ मिलीभगत कर कार्यालय में ग्रामीण क्षेत्र के संवेदकों को निविदा नही डालने दिया गया. किसी भी ग्रामीण क्षेत्र के संवेदक को निविदा डालने नही दिया गया और जबरन धमकाकर रोका गया. (नीचे भी पढ़ें)
इस दौरान खुलेआम गुंडागर्दी कार्यालय के अंदर चलती रही और कार्यपालक अभियंता चुप्पी साधे बैठे रहे और उक्त दबंग व्यक्तियों को संरक्षण प्रदान करते रहे. कार्यपालक अभियंता को जब इन सभी विषयों पर शिकायत करने की कोशिश की गई तो कार्यालय से नदारद पाए गए और फ़ोन पर जब इस संबंध में शिकायत करने का कई बार प्रयास किया गया तो उन्होंने फ़ोन नही उठाया. उन्होंने कहा कि यह सब साफ बताता है कि कार्यपालक अभियंता और कार्यालय के पदाधिकारियों की पूर्ण सहमति और मिली भगत से ही उक्त दबंग लोगों द्वारा टेंडर को मैनेज कर लिया गया जिसका उनके पास पूर्ण प्रमाण उपलब्ध है. उनकी मांग है कि जल्द से जल्द दोषी कार्यपालक अभियंता पर कठोर से कठोर कार्रवाई की जाए.



