चाकुलिया : पश्चिम बंगाल की सीमा से सटी चाकुलिया प्रखंड की चालुनिया पंचायत के केंदाडांगरी गांव में नेताजी यूथ स्पोर्टिंग क्लब की ओर से भव्य पूजा पंडाल का निर्माण करा कर मां काली की पूजा हर्षोल्लास के साथ आयोजित की जा रही है. कमेटी की ओर से इस वर्ष तिरुपति बालाजी मंदिर की थीम पर भव्य पंडाल का निर्माण कराया गया है. शनिवार को राज्य के मंत्री दीपक बिरुआ ने बतौर मुख्य अतिथि पंडाल का फीता काट कर उद्घाटन किया. उन्होंने मां काली से क्षेत्र-वासियों के लिए सुख शांति और समृद्धि की कामना की. (नीचे भी पढ़ें)

मौके पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए श्री बिरुआ ने कहा कि हमारी संस्कृति ही हमारी पहचान है. संस्कृति और परंपरा हमेशा कायम रहे और लोग संगठित होकर इसका संरक्षण करें. उन्होंने कहा कि खुशी की बात है कि केंदाडांगरी जैसे छोटे गांव में झामुमो के वरिष्ठ नेता सरोज महापात्र के नेतृत्व में कमेटी के युवा और ग्रामीण भव्य पंडाल का निर्माण कर मां काली की पूजा कर रहें है जो सराहनीय है. उन्होंने कहा कि पूजा के अवसर पर मेला लगाकर और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन कर लोगों को खुशी देने का काम किया है. उन्होंने कहा कि गांव में भव्य पंडाल का निर्माण कर गांव को शहर के रूप में तब्दील कर दिया है. इसके लिए सभी लोग धन्यवाद के पात्र हैं. उन्होंने मां काली से प्राथना की कि मां क्षेत्र के लोगों पर अपना आशीर्वाद बनाए रखें और लोगों को अन्याय से लड़ने की शक्ति दें. (नीचे भी पढ़ें)
समारोह में घाटशिला के विधायक सोमेश सोरेन ने कहा कि केंदाडांगरी गांव में भव्य पंडाल निर्माण कर मां काली की पूजा करना सराहनीय है. उन्होंने मां काली से प्रार्थना की कि क्षेत्र के लोगों की सुख-शांति और समृद्धि बनी रहे. सभी संगठित होकर मां की पूजा करें और पर्व का आनंद लें. इस अवसर पर बहरागोड़ा के विधायक समीर मोहंती ने कहा कि क्लब की ओर से आयोजित काली पूजा क्षेत्र के लिए आस्था का केंद्र बनेगी. कमेटी लंबे समय से बेहतर ढंग से भव्य पंडाल निर्माण कर मां काली की पूजा करती आ रही है. इससे गांव शहर में बदल जाता है और शहर से भी लोग पूजा देखने के लिए केंदाडांगरी गांव पहुंचते हैं. कमेटी पूजा के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को मनोरंजन का अवसर भी मुहैया कर रही है. कमेटी के संयोजक सह झामुमो नेता सरोज महापात्र ने कहा कि वर्ष 2004 में तिरपाल के नीचे सादगी पूर्ण ढंग से मां काली की पूजा शुरू की गई थी और उनके नेतृत्व में 2005 से भव्य पंडाल निर्माण कर मां की पूजा की जा रही है. उन्होंने कहा कि भव्य पूजा कर क्षेत्र वासियों को खुशी देने के साथ साथ मनोरंजन का माध्यम मुहैया कराने का प्रयास किया है. यह पूजा क्षेत्र के क्षेत्र के लोगों के लिए आस्था का प्रतिक बन गई है. मौके पर अतिथियों का झारखंडी नृत्य के साथ भव्य स्वागत किया गया और मंच पर अंग वस्त्र ओढ़ाकर और गुलदस्ते भेंट कर स्वागत किया गया. मौके पर झामुमो के जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन, सागेन पुर्ती, बाघराय मुर्मू, प्रखंड प्रमुख धनंजय करुणामय, जगन्नाथ महतो, बलराम महतो, राजीव महापात्र, सुखेन दास, मोहन मैती, राजेश महापात्र, असित महापात्र, पिंटू महापात्र, खगेन मैती, बापी मैती, रंजीत मुंडा, गोबिंद कर्मा, नंदन मैती, रूपम, तुषार महापात्र समेत अन्य उपस्थित थे.












