जमशेदपुर : झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच की आकृति व्हील्स कालीमाटी शाखा अब सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी गतिविधियां जन-जन तक पहुंचाएगी. शाखा ने सोशल मीडिया के हर प्लेटफ़ॉर्म पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए स्वयं को पंजीकृत कराया है. स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने आज अपने आवासीय कार्यालय पर एक संक्षिप्त समारोह में आकृति व्हील्स कालीमाटी के सोशल मीडिया के पृष्ठों का लोकार्पण किया. इस अवसर पर बोलते हुए श्री गुप्ता ने कहा कि आज के युग में डिजिटल होना स्वयं के कार्यों का विस्तार है. इससे दुनिया से कनेक्टिविटी बढ़ती है. संस्था को इसका लाभ मिलेगा. उन्होंने इस प्रयास के लिए मंच की शाखा की प्रशंसा की. (नीचे भी पढ़ें)
इस अवसर पर शाखा द्वारा विगत दिनों देहदान-अंगदान के संदर्भ में चलाए गए जागरूकता अभियान के प्रथम चरण में संकल्पित 150 से अधिक संकल्प पत्रों को मंत्री श्री गुप्ता को सौंपा. उपर्युक्त संकल्प पत्रों को मंच सदस्य अनुराधा के प्रयासों से भरा गया है. इस संदर्भ में शाखाध्यक्ष अंकिता लोधा ने बताया कि हमारे प्रांतीय अध्यक्ष नंदलाल अग्रवाल का प्रयास है कि संगठन पेपरलेस हो और संगठन की गतिविधियों सहित ब्रांडिंग का काम सोशल मीडिया के हर प्लेटफ़ॉर्म के माध्यम से हो. यह प्रयास इसी दिशा में एक कदम है. उन्होंने बताया कि झारखंड में मंच की कुल 77 शाखाओं में आकृति व्हील्स कालीमाटी शाखा पहली शाखा है और 22-23 के दौरान संकल्प पत्र भरवाने वाली भी पहली शाखा बन गई है. आज के कार्यक्रम में अंकिता लोधा के साथ रजनी पाड़िया, पूजा खण्डेलवाल, नेहा शर्मा, अनुराधा सहित कई अन्य सदस्य भी उपस्थित थीं.



