गालूडीह : प्रेम के बाद प्रेमी और प्रेमिका में चल रहे झगड़े से तंग आकर प्रेमी युगल ने जिंदगी खत्म करने का फैसला कर लिया. यही नहीं दोनों ट्रेन से कट कर जान देने के लिए रेल लाइन पर जाकर लेट भी गये, लेकिन भला हो आसपास मौजूद ग्रामीणों का जिन्होंने दोनों को बचाकर उनके घर पहुंचाया.(नीचे भी पढ़ें)
जानकारी के अनुसार बुधवार शाम 7 बजे के करीब एक जोड़ा चंद्ररेखा गांव में रेल लाइन के पास पहुंचे और जान देने की नीयत से रेल लाइन पर लेट कर गये. संयोग ही था कि गांव के लोगों ने दोनों को ऐसा करते देख लिया और दोनों को खींच कर पटरी से हटा लिया. बताया गया कि गालूडीह थाना क्षेत्र के धतकीडीह निवासी युवक एवं एमजीएम थाना क्षेत्र के बालीगुमा निवासी युवती का विगत पांच महीने से प्रेम संबंध चल रहा है. दोनों की मुलाकात एक संताली ड्रामा के दौरान हुई थी, जिसके बाद दोनों में करीबी बढ़ती चली गयी.(नीचे भी पढ़ें)
लेकिन विगत कुछ दिनों से दोनों में किसी बात को लेकर झगड़ा शुरू हो गया था. झगड़े के कारण ही दोनों बुधवार शाम चंद्ररेखा गांव के सामने रेलवे लाइन पर आकर ट्रेन से कटने के लिए लेट कर ट्रेन का इंतजार करने लगे. इसी बीच पास के कुछ ग्रामीणों की नजर दोनों पर पड़ी. ट्रेन आने ही वाली था कि ग्रामीणों ने दोनों को रेल लाइन से हटा कर उन्हें बचा लिया. वहीं ग्रामीणों ने दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया. गालूडीह पुलिस ने दोनों को समझा-बुझाकर शांत कराया एवं लड़की को उसके घर बालीगुमा ले जाकर छोड़ा.











