गढ़वा : गढ़वा विधायक सह राज्य के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की. इस दौरान श्री ठाकुर ने गढ़वा विधानसभा क्षेत्र के अचला गांव में बाईपास निर्माण में पड़ रहे कब्रिस्तान की समस्या से केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया. इस मामले में केंद्रीय मंत्री ने समस्या के जल्द समाधान का आश्वासन दिया. श्री गडकरी ने तत्काल विभागीय अधिकारियों को वस्तुस्थिति की जानकारी ले कर समस्या का निदान करने का निर्देश दिया. (नीचे भी पढ़ें)

मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने बताया कि उन्होंने पूर्व में भी केंद्रीय मंत्री एवं राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अध्यक्ष से पत्राचार कर उन्हें इस समस्या से अवगत कराते हुए इसके समाधान का आग्रह किया था, किन्तु अब तक उसपर कोई कार्रवाई नहीं हुई थी. उन्होंने बताया कि वे अपनी पूरी क्षमता लगाकर इस समस्या का निराकरण कराने के लिए प्रयासरत हैं. उन्होंने पूरी उम्मीद जतायी कि जल्द ही समस्या का समाधान हो जाएगा. इसके लिए बेहतर वैकल्पिक व्यवस्था होने की पूरी उम्मीद है. अचला वासियों को इसके लिए परेशान होने की जरूरत नहीं है. केंद्रीय मंत्री से मिलने पहुंचे लोगों में श्री ठाकुर के साथ मदनी खान, सिराज अहमद एवं जावेद अली अंसारी भी शामिल थे.











