जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना अंतर्गत चूना शाह बाबा मजार के समीप गैस सिलेंडर विस्फोट होने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आपको बता दें कि चूना शाह बाबा मजार के समीप कोल्ड स्टोरेज के पीछे गली में ट्रक ड्राइवर द्वारा खाना पकाया जा रहा था तभी अचानक गैस सिलेंडर में आग लगी और ब्लास्ट कर गया. हालांकि मजार के पीछे जो बस्ती है उस बस्ती को जुस्को ने पिछले दिनों अतिक्रमण के नाम पर तोड़ दिया था. बस्ती को बसाने की प्रक्रिया अभी तक शुरू नहीं हुई है, लेकिन अचानक गैस सिलेंडर ब्लास्ट होने से बस्ती के लोग दहशत में हैं. (नीचे भी पढ़ें)
वैसे भगवान का लाख-लाख शुक्र है कि सिलिंडर ब्लास्ट से ज्यादा नुकसान नहीं हुआ. गुरुवार को बस्तीवासियों ने जिला मुख्यालय पहुंच एक मांगपत्र सौंपते हुए उक्त स्थल पर ट्रकों के चालकों को खाना न पकाने देने की मांग की. बस्तीवासियों ने बताया कि अक्सर ट्रक चालक बस्ती के आसपास ट्रकों को खड़ा कर खाना बनाते हैं, जिससे बड़ा हादसा होने का खतरा बना रहता है.











