जमशेदपुर : भुवनेश्वर में चल रहे पूर्व क्षेत्र अंतर यूनिवर्सिटी क्रिकेट टूर्नामेंट में कोल्हान की टीम ने लगातार तीसरी जीत हासिल कर ली है. कोल्हान टीम ने रांची को 37 रनों से हरा दिया. पहले बल्लेबाजी करते हुए कोल्हान टीम ने निर्धारित 25 ओवरों में 205 रन बनाए. जिसके जवाब में रांची की टीम सात विकेट खोकर 168 रन पर सिमट गई. कोल्हान टीम के सलामी बल्लेबाज कुमार करन ने शानदार शतक जमाया. करन ने 66 गेंदों पर 15 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 106 रनों की शानदार पारी खेली. (नीचे भी पढ़ें)
कुशाग्र ने 27 और रवि शर्मा ने 22 रनों का योगदान दिया. इसके अलावा और कोई भी खिलाड़ी दहाई अंक पार नहीं कर पाया. रांची की ओर से शुभम, राम रौशन ने दो-दो विकेट और अभिषेक, उत्कर्ष, आशीश ने एक-एक विकेट लिया. लक्ष्य का पीछा करने उतरी रांची की शुरुआत खराब रही. सलामी बल्लेबाज राम रौशन ने अपना विकेट जीरो रन पर गंवा दिया. नागेन्द्र ने 45, अमरजोत ने 48 और शुभम ने 24 रनों की पारी खेली. कोल्हान की ओर से मनीषी ने 3 विकेट, रवि ने 2 विकेट जुनैद और निहाल ने एक एक विकेट लिया.











