गिरिडीह : झारखंड के गिरिडीह में तीन दिनों तक चलने वाले अरगाघाट बनारसी फील्ड परिसर में श्री हनुमत प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का समापन भंडारे के साथ हो गया. गौरतलब है कि प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर 21 फरवरी को कलश यात्रा का आयोजन किया गया था तथा 22 को मूर्ति पूजन आदि का कार्यक्रम पूरे विधि-विधान के साथ किया गया. वहीं 23 फरवरी को अंतिम दिन हवन पूर्णाहुति तथा भंडारे का आयोजन किया गया. जिसमें दोपहर 2:30 बजे से भंडारा प्रारंभ हुआ. वहीं भंडारा देर रात्रि तक चला जिसमें हजारों की संख्या में भक्तजनों ने मौके पर पहुंचकर बजरंग बली की प्रतिमा के दर्शन किए तथा भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया. (नीचे भी पढ़ें)

इस मौके पर पूरे मंदिर को तथा आसपास के क्षेत्र को आकर्षक रंग बिरंगी लाइटों से सजाया गया था. मौके पर शिव हनुमान सेवा समिति के सचिव अनिल कुमार सिन्हा ने बताया कि तमाम मोहल्ले वासियों तथा शिव सेवा समिति के सदस्य के सहयोग से ही इतना बड़ा प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन किया गया. इसके लिए उन्होंने सभी को धन्यवाद दिया. वही मौके पर मौजूद शिव हनुमान सेवा समिति के पदाधिकारी प्रभात कुमार सिन्हा ने बताया कि यह मंदिर सबसे पुराना मंदिर बजरंगबली का है, जिसका सभी के सहयोग से जीर्णोद्धार किया गया है तथा प्राण-प्रतिष्ठा का आयोजन किया गया है. इस पूरे महोत्सव को सफल बनाने में शिव सेवा समिति के पदाधिकारी राजेश शर्मा, कृष्णा प्रसाद, मनीष कुमार सिन्हा, टीटू कुमार सिन्हा, जुगल सिंह, मनोज सिन्हा सहित कई सदस्य तथा मोहल्लेवासियों का सराहनीय सहयोग रहा.











