पोटका : पोटका के हरिणा में रविवार को जैव विविधता उद्यान का विधायक संजीव सरदार ने भूमि पूजन कर शिलान्यास किया. इस अवसर पर डीएफओ ममता प्रियदर्शी की उपस्थिति में फलदार एवं फूलों के पौधे लगाये गये. इसके अलावा परिसर में मौजूद पेड़ों में रक्षा सूत्र बांधकर उनकी रक्षा का संकल्प भी लिया गया. विधानसभा क्षेत्र के अनेक पुजारी मंदिर के मुख्य पुजारी बजरंग दंडपाट के साथ पूजा में उपस्थित रहे. इस अवसर पर 500 नारियल फोड़े गए. अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की. (नीचे भी पढ़ें)

इस अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए विधायक संजीव सरदार ने कहा कि इस प्राचीन शिव मंदिर, मुक्तेश्वर धाम का विकास उनका सपना था. उन्होंने कहा कि जैव विविधता उद्यान का निर्माण कार्य पूरा हो जाने से इस क्षेत्र में आनेवाले भक्तों को कई सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी. यहां दूर-दराज से आये पर्यटकों को प्रकृति को नजदीक से महसूस करने का अवसर भी मिलेगा. विधायक ने कहा कि आनेवाले समय में हरिणा का मुक्तेश्वर धाम पूरे देश में अलौकिक पहचान बनायेगा. (नीचे भी पढ़ें)
डीएफओ ममता प्रियदर्शी ने योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि मंदिर के मूल स्वरूप को बनायें रखते हुए जैव विविधता उद्यान का निर्माण किया जायेगा. दोनों इंट्री पर भव्य तोरणद्वार बनाये जायेंगे. उद्यान के अंदर बच्चों का मनोरंजन पार्क भी बनेगा. समारोह की शुरुआत उपस्थित अतिथियों को पौधे देकर किया गया. मौके पर विधायक ने हाथियों द्वारा किये गये फसल नुकसान के मुआवजे का चेक भी किसानों को प्रदान किये. (नीचे भी पढ़ें)
इस अवसर पर वन समितियों को हाथी भगाने के लिए टॉर्च व पटाखे भी प्रदान किये गये. इस मौके पर राखा रेंज के रेंजर विमल कुमार, मुसाबनी के रेंजर दिग्विजय सिंह, पोटका की प्रमुख सुकुरमनी टुडू, मुखिया सरस्वती मुर्मू, पोटका झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सुधीर सोरेन, सचिव भुवनेश्वर सरदार, उपाध्यक्ष नीतेश भकत, कोषाध्यक्ष पल्टू मंडल, बुलू महतो, रेडू महतो, डुमरिया झायुमो अध्यक्ष भगत हांसदा, अर्जुन मुर्मू, सचिव जयपाल सिंह मुर्मू, उदय मुर्मू समेत हजारों ग्रामीण उपस्थित थे.



