जमशेदपुर : जमशेदपुर में मंगलवार को चित्रपट झारखंड फिल्म महोत्सव 2023 के पोस्टर का विधिवत लोकार्पण किया गया. मंगलवार को साकची स्थित होटल केनेलाइट में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद विद्युत वरण महतो विशिष्ट अतिथियों, चक्रधरपुर की कोषागार पदाधिकारी डॉ अपर्णा सिंह एवं करीम सिटी मास कॉम विभागाध्यक्ष डॉ नेहा तिवारी ने फिल्म फेस्टिवल का विधिवत लोकार्पण किया. (नीचे भी पढ़ें)

इस अवसर पर बोलते हुए मुख्य अतिथि सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि चित्रपट झारखंड ने अपनी सुंदर एवं बेमिसाल संस्कृति के पुनर्स्थापन के बहुत बड़े उद्देश्य को लेकर यह शुरुआत की है. उन्होंने कहा कि झारखंड में फिल्म निर्माण की अपार संभावनाएं है और ढंग से प्रयास किये जायं तो फिल्म निर्माण यहां उद्योग के रूप में विकसित हो सकता है. उन्होंने चित्रपट झारखंड की पहल की सराहना करते हुए अपनी ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया. उन्होंने झारखंड में भी अवार्ड विनिंग फिल्मों के निर्माण की कामना करते हुए कहा कि तभी फिल्म निर्माण यहां भी उद्योग के रूप में विकसित हो सकेगा और स्थानीय प्रतिभाओं को भी अवसर मिल सकेगा.(नीचे भी पढ़ें)
विशिष्ट अतिथि, चक्रधरपुर की कोषागार पदाधिकारी डॉ अपर्णा सिंह ने सांस्कृतिक संदर्भ में लघु एवं लोक संस्कृतियों को विशेष महत्व का बताया. झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि देश के सबसे बड़े गोवा फिल्म फेस्टि उसमें दक्षिण भारत की फिल्में सफल हो रही हैं. उन्होंने कहा कि दक्षिण की तर्ज पर लघु सांस्कृतिक संदर्भों पर स्थानीय भाषाओं में बड़ी फिल्में बन सकती हैं. लेकिन इसके लिए वैसा दृष्टिकोण व समर्पित प्रयास की जरूरत होगी. उन्होंने झारखंडी संस्कृति में भी उसकी अपार संभावना बताते हुए उम्मीद जतायी कि आगामी वर्षों में यहां से भी कंतारा जैसी महत्वपूर्ण एवं अवार्ड विनिंग फिल्मों का निर्माण शुरू हो सकता है.(नीचे भी पढ़ें)
विशिष्ट अतिथि, करीमसिटी मास कॉम की अध्यक्ष नेहा तिवारी ने लोक संस्कृति के पुनरस्थापन के लिए क्षेत्रीय भाषाओं की फिल्मों को जरूरी बताया. हालांकि उन्होंने कहा, फिल्मों का निर्माण ही काफी नहीं, उन्हें दर्शक भी मिलने चाहिएं. उन्होंने इसके लिए सिनेमाघरों में क्षेत्रीय भाषाओं की फिल्मों के लिए टाइम स्लॉट निर्धारित किये जाने की जरूरत बतायी, ताकि तय समय पर लोग क्षेत्रीय फिल्में भी देखें और इन फिल्मों का भी विकास हो. उन्होंने इसके लिए झारखंड फिल्म नियमावली बनाये जाने का सुझाव दिया ताकि स्थानीय कलाकारों एवं उनकी फिल्मों को भी बढ़ावा मिले, उनका भी विकास हो सके. उन्होंने कहा कि ऐसा होने पर ही चित्रपट झारखंड फिल्म फेस्टिवल के लिए अच्छी फिल्मों के निर्माण को प्रोत्साहन मिलेगा.(नीचे भी पढ़ें)
इससे पूर्व चित्रपट झारखंड के संस्थापक एवं संयोजक एनके सिंह ने चित्रपट झारखंड के उद्देश्यों एवं उसके आगामी 23 से 25 जून तक रांची में आयोजित होने जा रहे फिल्म फेस्टिवल 2023 के उद्देश्यों एवं उसके आयोजन की जानकारी दी. इस अवसर पर चित्रपट झारखंड की ओर से डॉ रागिनी भूषण एवं टीम के अन्य सदस्य भी उपस्थित थे.












