जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थाना अंतर्गत रिंग रोड के पास बुधवार को एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने स्कूली बच्चों से भरे पैसेंजर ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में आठ बच्चे घायल हो गए. सभी बच्चे टेल्को स्थित गुरु नानक स्कूल के विद्यार्थी बताए जा रहे हैं. घायलों में अमृता कुमारी, गुरप्रीत कौर, रोहित कुमार, आशीष गुप्ता, मोहित गुप्ता, रिचा कुमारी और अनुष्का कुमारी शामिल हैं. (नीचे भी पढ़ें)

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार संख्या जेएच05डीजे3955 एक महिला चला रही थी. इसी दौरान कार अनियंत्रित हो गई और पैसेंजर ऑटो संख्या जेएच05जेड 3841 को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार बच्चे घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. कार चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गई. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायल बच्चों को इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया. (नीचे भी पढ़ें)

घटना की जानकारी टेल्को थाना पुलिस को भी दी गई. हादसे की सूचना मिलते ही बच्चों के परिजनों में चिंता का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों ने फरार कार चालक की पहचान कर उसके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है.












