जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा सूर्य मंदिर परिसर में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और विधायक सरयू राय गुट के बीच पंडाल लगाने को लेकर हुई मारपीट के मामले में नामजद 39 अभियुक्त को कोर्ट में सशरीर उपस्थित होने को लेकर कोर्ट ने 21 जून की तिथि निर्धारित की है. इस संबंध में सुबोध श्रीवास्तव पक्ष के अधिवक्ता आरडी सिंह ने बताया कि इस मामले में कुल 39 लोगों को कोर्ट में सोमवार को उपस्थित होना था. लेकिन बचाव पक्ष के अधिवक्ता विजय शंकर पाठक ने कोर्ट में पीटिशन दिया कि उनके द्वारा लिये गये संज्ञान के आदेश को लेकर जिला जज की अदालत में रिविजन फाइल किया गया है इसलिए उन्होंने कोर्ट से कुछ समय की मांग की. (नीचे भी पढ़ेंं)
अधिवक्ता विजय शंकर पाठक को कोर्ट ने समय देते हुए 21 जून को सभी अभियुक्तों को सशरीर उपस्थित होने का आदेश दिया है. इस मामले में दोनों पक्ष के अधिवक्ता के बीच बहस हुई. गौरतलब है कि 29 अक्तूबर 2022 को छठ पूजा के दौन सूर्य मंदिर में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के समर्थको मंदिर परिसर में मंच का निर्माण कराया जा रहा था. वहीं दूसरी ओर सरयू राय के समर्थक भी सुर्य मंदिर परिसर में छठ प्रसाद बांटने के लिए पंडाल लगा रहे थे. पंडाल बनाने को लेकर दोनों के बीच विवाद और मारपीट हो गया. इस मामले में दोनों पक्ष के लोगों को गंभीर रूप से चोट आयी थी. दोनों पक्ष की ओर से सिदगोड़ा थाना में केस दर्ज कराया था.











