गालूडीह : मंगलवार को बोड़ाम थाना क्षेत्र के सातनाला में भीषण सड़क हादसा हुआ. बैंड पार्टी से भरा एक टाटा मैजिक वाहन पलटने से उसमें सवार नौ लोगों में से तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. टाटा मैजिक वाहन बड़ाखुर्शी गांव के सुंदरपुर टोला के दलाल सिंह नामक एक युवक चला रहा था. जानकारी के अनुसार बीती रात गालूडीह थाना क्षेत्र के बड़ाखुर्शी गांव निवासी धीरेंद्र महतो के पुत्र सुनील महतो का बारात बोड़ाम थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव गया था. बारात के साथ बैंड पार्टी शादी समारोह में बजाने के लिए गया था. (नीचे भी पढ़ें)
इस दौरान लौटते समय सातनाला के पास टाटा मैजिक वाहन नियंत्रण खो दिया और पलट गया. फिर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हादसे में बड़ाखुर्शी गांव के सहदेव कालिंदी तथा खाड़ियाडीह गांव के सुधीर कालिंदी और उनका बेटा निर्मल कालिंदी घायल हो गया. घायलों को कार से लाया गया और गालूडीह के एक निजी नर्सिंग होम में इलाज के लिए भर्ती कराया गया. परिजनों ने बताया कि हादसे में सहदेव कालिंदी के छाती में गंभीर चोट लगी है. तीनों का इलाज चल रहा है.













