रांची : पीएलएफआई सुप्रीमो दिनेश गोप उर्फ अमरजीत सिंह उर्फ कुलदीप को मंगलवार को एनआईए कोर्ट में पेश किया गया. एनआईए के विशेष न्यायाधीश एमके वर्मा ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया. कड़ी सुरक्षा के बीच दिनेश गोप को बिरसा मुंडा कारा होटवार जेल ले जाया गया है. बताते चले कि दिनेश गोप को सोमवार को एनआईए कोर्ट में पेश किया गया था, जहां एनआईए के आग्रह पर उसकी रिमांड अवधि एक दिन बढ़ा दी गई थी. (नीचे भी पढ़ें)
एनआईए के द्वारा दिल्ली रेलवे स्टेशन से दिनेश गोप को गिरफ्तार किए जाने के बाद 22 मई को एनआईए कोर्ट में पेश किया गया था. कोर्ट ने उसे आठ दिनों की रिमांड पर भेजा था. इसके बाद रिमांड अवधि बढ़ा दी गई थी. बताते चले कि दिनेश गोप की गिरफ्तारी के बाद से राज्य के नक्सल प्रभावित जिलों से भारी मात्रा में गोला बारूद बरामद किए गए है. एनआईए ने सुरक्षाबलों और राज्य पुलिस की सहायता से कई स्थानों पर दबिश भी की है. जिससे नक्सलियों के बीच अफरा तफरी मची हुई हैं.











