जादूगोड़ा : नरवा पहाड़ व उसके आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभावान खिलाड़ियों को बढ़ावा देने व उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर खेल के क्षेत्र में पहचान मिले, इसको लेकर यूसिल की ग्रामीण फुटबॉल टीम के खिलाड़ियों में फुटबॉल किट वितरित किये गये. कम्पनी की यह ग्रामीण फुटबॉल टीम आगामी 9 से 18 जून तक जमशेदपुर में प्रीमियर लीग मैच खेलेगी. (नीचे भी पढ़ें)
इस बाबत टीम के मैनेजर धनंजय सिंह ने कहा कि नरवा पहाड़ यूरेनियम प्रोजेक्ट से सटे गांव राजदोहा, दामूडीह, लोवाडीह, कदमा, मुर्गागुट्टू की टीम भाग ले रही है, जिसका मुकाबला टाटा स्टील फुटबॉल टीम, टाटा मोटर्स, आंध्रा स्पोर्ट्स टीम समेत पूरे झारखंड की चुनिंदा टीमों से होना है. यूसिल की ग्रामीण फुटबॉल टीम को यूसिल बीते 10 सालों से सुविधा मुहैया कराती आ रही है ताकि क्षेत्र के ग्रामीण खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकें. इधर फुटबॉल किट पाकर खिलाड़ियों के चेहरे खिल उठे. इस मौके पर चीफ अधीक्षक मैकेनिकल खेमराज, अपर प्रबंधक टी भट्टाचार्जी, बाल कृष्ण मिश्र, मैनेजर धनंजय सिंह, कोच रंजीत हेंब्रम समेत अन्य खिलाड़ी उपस्थित थे.



