जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के लिए मानवता की सेवा का एक बेहतरीन दिन रहा. संस्था की ओर से पीड़ित मानवता की सेवा के लिए तीन स्थानों पर एक साथ कार्यक्रमों का आयोजन कर जहां जरूरतमंदों के लिए रक्त एकत्र किया गया, वहीं नेत्र रोग से पीड़ित मोतियाबिन्द के कारण अंधापन से जूझ रहे लोगों का चयन उनकी आंखों के ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण के लिए भी किया गया ताकि वे पुनः दुनिया देख सकें. (नीचे भी पढ़ें)

पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा स्वतंत्रता सेनानी एनके घोष की पुण्य स्मृति में रक्तदान शिविर का आयोजन साकची स्थित रेड क्रॉस भवन में किया गया, जिसमें 95 रक्तदाताओं ने रक्तदान किया, रक्तदान शिविर का संयोजन रेड क्रॉस सोसाइटी के वाईस पेट्रन डी. के. घोष ने किया. कार्यक्रम में समाज विज्ञानी रबीन्द्र नाथ चौबे, समाजसेवी अचिंतम गुप्ता, पूर्वी घोष, गणेश राव, रश्मि सिंह, ब्लड बैंक के प्रशासक व महाप्रबंधक संजय चौधरी, घोष परिवार के बीपी घोष, एमपी घोष, शुभाशीष घोष, इन्द्रनील घोष, लाल कमल घोष, मुनमुन घोष मुख्य रूप से उपस्थित थे. (नीचे भी पढ़ें)

रक्तदान की दूसरी कड़ी में पाइपलाइन रोड स्थित राजेन्द्र विद्यालय परिसर में जाने माने समाजसेवी एवं बिहार एसोसियेशन के संस्थापक सदस्य स्व. केएनएस शर्मा की पुण्य स्मृति में रक्तदान शिविर आयोजित हुआ, जिसमें 165 रक्तदाताओं ने रक्तदान कर पीड़ित मानवता की सेवा में अपना योगदान किया. कार्यक्रम में स्कूल प्रबंधन के सभी सदस्य एवं शिक्षक शिक्षिकाओं के साथ उच्च कक्षाओं के छात्रों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी.



