जमशेदपुर : सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से साकची गोलचक्कर पर ट्रैफिक पुलिस की ओर से जागरूकता अभियान चलाया गया. अभियान का नेतृत्व ट्रैफिक डीएसपी नीरज कुमार ने किया. इस दौरान दोपहिया वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाने के लिए प्रेरित किया गया. अभियान के तहत ट्रैफिक थाना की टीम ने सड़क पर उतरकर बिना हेलमेट चल रहे दोपहिया वाहन चालकों को रोका और उन्हें हेलमेट पहनने के महत्व के बारे में बताया. पुलिस कर्मियों ने वाहन चालकों को हेलमेट वितरित कर सुरक्षित यात्रा का संदेश दिया. साथ ही उन्हें यातायात नियमों का पालन करने की शपथ लेने के लिए भी प्रेरित किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

ट्रैफिक डीएसपी नीरज कुमार ने कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए लोगों में जागरूकता जरूरी है. हेलमेट पहनने से सड़क दुर्घटना के दौरान सिर में गंभीर चोट लगने का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है. उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे अपनी सुरक्षा के साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें और हमेशा यातायात नियमों का पालन करें. (नीचे भी पढ़ें)
अभियान के दौरान कई वाहन चालक पुलिस की इस पहल से प्रभावित हुए और भविष्य में नियमित रूप से हेलमेट पहनकर वाहन चलाने का संकल्प लिया. स्थानीय लोगों ने ट्रैफिक विभाग के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के जागरूकता अभियान सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति जिम्मेदार बनाने में मददगार साबित हो सकते हैं.




