चाईबासा : चाईबासा के गोइलकेरा थाना अंतर्गत रेला पराल गांव के नजदीक सुरक्षाबलों को लक्षित करने के उद्देश्य से लगाए गए दो आइइडी बम बरामद किए गए है. दोनों आइडी बम 5-5 किलो के हैं. बम निरोधक दस्ते ने उन्हें नष्ट कर दिया. पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने इसकी जानकारी दी और कहा कि 25 मई से टोंटो थाना क्षेत्र के तुम्बाहाका एवं अंजदबेड़ा के सीमावर्ती क्षेत्र तथा गोइलकेरा थाने के कुईड़ा एवं मारदिरी के सीमावर्ती क्षेत्रों में माओवादियों की धरपकड़ के लिए सर्च ऑपरेशन प्रारंभ किया गया है. इस क्रम में गोइलकेरा के रेला पराल गांव के समीप सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के लिए लगाए गए दो आइईडी बम बरामद किये गए. (नीचे भी पढ़ें)
बताते चले कि सुरक्षाबलों और पुलिस को नुकसान पहुंचाने के लिए नक्सलियों के द्वारा पूरे क्षेत्र में जगह जगह लैंड माइन, आइइडी, बूंबी ट्रैप और अन्य जानलेवा जाल बिछाए जा रहे हैं. पिछले कुछ दिनों में नक्सलियों के शीर्ष कमांडरों ने आत्मसमर्पण किया है, जिससे नक्सली कमजोर हो रहे हैं और इसी से परेशान होकर सुरक्षाबलों और पुलिस को निशाना बना रहे हैं. नक्सलियों के खिलाफ अभियान में चाईबासा पुलिस, झारखंड जगुआर, कोबरा की 209 व 203 बटालियन, सीआरपीएफ की 197, 193, 174, 157, 134, 60, 26 व 07 बटालियन शामिल हैं.



