घाटशिला : सावन की दूसरी सोमवारी के मौके पर मऊभंडार शिव मंदिर समेत अन्य शिवालयों में भक्तों की भीड़ उमड़ी. इस मौके पर शिव भक्तों ने स्नान कर अक्षत, फूल, बेलपत्र आदि शिवलिग पर चढ़ाया एवं शिवगंगा के जल को गंगा जल मानकर शिवलिग पर ऊँ नम: शिवाय के मंत्रोच्चारण के साथ जलाभिषेक किया. अपनी मनोकामना पूर्ति के लिए कई महिला पुरुष श्रद्धालुओं ने दिन भर का उपवास रखा. मऊभंडार शिव मंदिर में प्रात से ही जलाभिषेक के लिए भक्तों की भीड़ देखी गई. इस दौरान हर हर महादेव की गूंज से ताम्र नगरी का चप्पा चप्पा गूंजायमान हो उठा.(नीचे भी पढ़े)

मऊभंडार शिव मंदिर कमेटी के महासचिव नवल सिंह के नेतृत्व में सुरक्षा और सुलभ जलार्पण के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. इस मौके पर शाम के समय शिव मंदिर में संध्या आरती कार्यक्रम का आयोजन किया गया एवं लोगों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया. इस मौके पर बीएन सिंहदेव, हरेश्वर सिंह, रूपेश दुबे, प्रदीप सिंह तोमर, प्रदीप शाह (पिंटू) समेत हजारों की संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे.




