जमशेदपुर : पीड़ित मानवता की सेवा के क्षेत्र में पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी के जरिये किये गये उल्लेखनीय कार्य के लिए रेड क्रॉस के मानद सचिव विजय कुमार सिंह को राष्ट्रपति भवन में सोमवार को सम्मानित किया गया. नई दिल्ली में भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी के एजीएम एवं सम्मान समारोह के दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री सह रेड क्रॉस के चेयरमैन डॉ मनसुख मांडविया, झारखंड के महामहिम राज्यपाल सह प्रदेश रेड क्रॉस के अध्यक्ष सीपी राधाकृष्णन एवं बिहार के महामहिम राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ अर्लेकर ने उन्हें वर्ष 2021-22 के लिए अवार्ड ऑफ मेरिट से सम्मानित किया. (नीचे भी पढ़ें)
जिस समय श्री सिंह का सम्मान हो रहा था, उस समय 13 राज्यों के राज्यपाल मंचासीन थे. झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने रेड क्रॉस पूर्वी सिंहभूम के मानवसेवी कार्यों की सराहना करते हुए सचिव विजय कुमार सिंह को इसका प्रेरक बताया. विजय कुमार सिंह ने सम्मान समारोह के पश्चात कहा कि यह पूर्वी सिंहभूम जिला ही नहीं, झारखंड के हर संवेदनशील व्यक्ति का सम्मान है, जिन्होंने पीड़ित मानवता की सेवा के कार्यों में रेड क्रॉस को किसी भी प्रकार से सहयोग प्रदान किया हो. उन्होंने कहा कि सम्मान उत्तरदायित्व का बोध कराते हैं, राज्य की सभी शाखाएं अब एक साथ पीड़ित मानवता की सेवा के कार्य करेंगी. श्री सिंह के साथ रेड क्रॉस सोसाइटी पूर्वी सिंहभूम के कोषाध्यक्ष आशुतोष पारिक, देवघर रेड क्रॉस सोसाइटी की तीन सदस्यीय टीम दिल्ली में इस अवसर पर उपस्थित थी.



