
जमशेदपुर : जमशेदपुर के उत्तर प्रदेश संघ (यूपी संघ) का चुनाव रविवार को होने जा रहा है. करीब 180 सदस्यों वाले इस संस्था का चुनाव काफी रोचक हो रहा है. जमशेदपुर के साकची स्थित मोतीलाल नेहरू स्कूल के यूपी संघ परिसर में चुनाव होगा. इसमें वर्तमान अध्यक्ष विजय सिंह राणा और महासचिव डॉ डीपी शुक्ला का गुट चुनावी मैदान में ताल ठोंक रहा है जबकि अखिलेश दुबे गुट के बीच सीधी टक्कर है. अध्यक्ष पद पर विजय सिंह राणा और अखिलेश दुबे के बीच टक्कर है जबकि महासचिव के पद पर हरीशचंद्र तिवारी के साथ डॉ डीपी शुक्ला का टक्कर है. वहीं, उपाध्यक्ष के दो पद के लिए ओंकारनाथ सिंह, रवि कुमार दूबे, रवि कुमार वार्ष्णेय और सुभाष चंद्र अग्रवाल, संयुक्त सचिव के दो पद पर ललन प्रसाद राय, राजेंद्र कुमार त्रिपाठी, शिव शंकर मिश्रा, सुशांत कुमार त्रिपाठी जबकि कोषाध्यक्ष पद पर गिरीश कुमार तिवारी और देवेश कुमार अवस्थी के बीच सीधी टक्कर है. कार्यकारिणी सदस्य के चार पद के लिए आठ लोग चुनावी मैदान में है, जिसमें बिनोद कुमार सिंह, बैजनाथ दुबे, रविशंकर तिवारी, शिवशंकर पाल, तेंद्र कुमार तिवारी, विष्णु पाल वार्ष्णेय, उमाशंकर शर्मा और तरुण कांत सिंह शामिल है.
विजय सिंह राणा और डॉ शुक्ला ने बोला अखिलेश दुबे गुट पर हमला
दूसरी ओर, शनिवार की शाम विजय सिंह राणा गुट ने कॉन्फ्रेंस कर अखिलेश दुबे द्वारा लगाए गए आरोपों को पूरी तरह से गलत बताया. अखिलेश दुबे ने आरोप लगाया था की जमीन खरीद में कमिटी ने पैसों का गबन किया था. उस पर संघ के अध्यक्ष विजय सिंह राणा ने कहा कि वर्तमान समय में जो भी कार्य होता है, वह चेक द्वारा किया जाता है. संघ में नगद का कारोबार नहीं किया जाता है तो ऐसे में यह आरोप लगाना की जमीन की खरीद में पैसों का गबन किया गया है यह पूरी तरह से बेबुनियाद है. साथ ही साथ उन्होंने जमीन के मालिक को चेक के माध्यम से जो पेमेंट किया था, उसकी भी प्रतिलिपि सबके सामने रखी. वही सदस्यता अभियान को लेकर संघ के जनरल सेक्रेटरी डॉक्टर डीपी शुक्ला ने बताया कि कुल मिलाकर पहले 481 सदस्य थे. लेकिन कुछ सदस्य जमशेदपुर छोड़कर जा चुके हैं तो वही कुछ सदस्यों की मौत हो चुकी है ऐसे में जिन लोगों की मौत हुई, उनके परिवार के ही लोगों को सदस्य बनाने के लिए एक लिस्ट तैयार कमेटी ने किया था और उन्हें भी वोटिंग के अधिकार देने की बात रखी थी. लेकिन उसका भी विरोध अखिलेश दुबे ने अपने निजी स्वार्थ के लिए किया. उन्होंने बताया कि संघ अब तक 5 स्कूल खड़े कर देता लेकिन अखिलेश दुबे के नकारात्मक सोच की वजह से संघ को कार्य करने में काफी दिक्कतों का सामना हर वक्त करना पड़ता है. उन्होंने कहा कि हमारी टीम कथनी पर विश्वास नहीं करती बल्कि करके दिखाती है. मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल एक अलग संस्था है उसका प्रबंधन अलग ढंग से होता है. शिक्षकों का वेतन उत्तर प्रदेश संघ का विषय नहीं है. अगर उन्हें इतना भी पता नहीं है तो वह बताएं कि कैसे संस्था को आगे बढ़ाएंगे हम तो निर्णय ले चुके हैं. अब हमारे जो भी सदस्य हैं वह युवा सदस्यता में बदल रहे हैं. हमारी टीम अपने सदस्यों की एक बच्चे की पढ़ाई का खर्च उत्तर प्रदेश संघ की कार्यकारिणी उठाएगी. नर्सरी से बारहवीं तक के लिए अपने ही स्कूल में व्यवस्था की जाएगी. इसके लिए नियम कानून और चर्चा की जाएगी, जिससे सदस्यों के परिवार का शैक्षणिक विकास तेजी से संभव हो सके. उन्होंने कहा कि अखिलेश दुबे सिर्फ आरोप लगाना जानते हैं उसे सिद्ध नहीं कर पाते यह बड़े अफसोस की बात है.














