चाईबासा : चाईबासा के नक्सल प्रभावित टोंटो थाना क्षेत्र के तुम्बाहाकत में सोमवार की सुबह एक आइइडी विस्फोट हुआ, जिसकी चपेट में आने से सीआरपीएफ 197 बटालियन के जवान चंद्र प्रताप तिवारी घायल हो गए. प्राथमिक उपचार के बाद जवान को बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर रांची ले जाया गया है. घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार एंटी नक्सल अभियान के तहत क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया जा रहा था. (नीचे भी पढ़ें)
इस दौरान ही यह घटना हुई. पश्चिम सिंहभूम जिले के एसपी आशुतोष शेखर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि विस्फोट में एक जवान घायल हुआ है, जिनका प्राथमिक उपचार कर इलाज के लिए भेजा गया है. पुलिस और सुरक्षा बल के जवान इलाके की घेराबंदी कर सर्च अभियान चला रही है. बताते चले कि पिछले कुछ दिनों से पुलिस और सुरक्षाबलों को लक्षित करने के उद्देश्य से पूरे क्षेत्र में नक्सलियों के द्वारा आइइडी, लैंड माइंस, बुम्बी ट्रैप जैसे जानलेवा जाल बिछाए जा रहे हैं. सुरक्षाबलों और पुलिस के साथ साथ कई ग्रामीण भी इसकी चपेट में आकर घायल हो चुके है और कईयों ने तो अपनी जान गंवाई हैं.














