गालूडीह : बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मुहैया कराने के लिए विद्यालय में बेहतर माहौल विकसित करने व विद्यालय में संचालित विभिन्न अभिनव कार्यक्रमों के जरिये धातकीडीह उत्क्रमित मध्य विद्यालय ने क्षेत्र में विशेष पहचान बनाई है. सोमवार को दूरदर्शन की टीम ने विद्यालय का दौरा कर विद्यालय में चलाये जा रहे माहवारी स्वच्छता अभियान, पैडबैंक, एक पैड एक पेड़ अभियान, इन्सिनरेटर व अन्य शैक्षणिक अभियानों के संबंध में विद्यालय के बच्चों, ग्रामीण महिलाओं व प्रधानाध्यापक साजिद अहमद का साक्षात्कार लिया.(नीचे भी पढ़ें)

इस दौरान झारखंड के पैडमैन के नाम से जाने जाने वाले निश्चय फाउंडेशन के संस्थापक तरुण कुमार भी मौजूद रहे. सभी ने दूरदर्शन की टीम के साथ अपने अनुभव साझा किये. उन्होंने बताया कि किस तरह अभियानों के माध्यम से बच्चों व ग्रामीणों में माहवारी स्वच्छता, जेंडर, महिला व किशोरी स्वास्थ्य, पर्यावरण मुद्दों के प्रति बेहतर समझ बनी है.समाज को प्रेरणा देने वाली विशेष कहानियों पर आधारित दूरदर्शन के प्रसिद्ध कार्यक्रम “वेलडन इंडिया” के लिए एपिसोड की शूटिंग की गई. कार्यक्रम का प्रसारण डीडी झारखंड पर आगामी 31 जुलाई को दोपहर 2 बजे से किया जायेगा. दूरदर्शन की टीम के विद्यालय आने की सूचना से बच्चे व शिक्षक सुबह से ही उत्साहित थे.(नीचे भी पढ़ें)

वेलडन इंडिया की टीम में कार्यक्रम के डायरेक्टर पंकज सिन्हा, होस्ट सुशांत कुमार, सागर पांडे, कैमरामैन व तकनीकी सहायक शामिल थे. विद्यालय में टीम का स्वागत अंग वस्त्र देकर किया गया. टीम के सदस्यों ने बच्चों के साथ मिलकर विद्यालय परिसर में पौध रोपण भी किया. विद्यालय के हरे भरे खुशनुमा माहौल व बच्चों से मिलकर सभी ने प्रसन्नता जताई.(नीचे भी पढ़ें)

मौके पर शिक्षक बापी पाल, निखिल रंजन धवारिया, शिक्षिका सिनगो सोरेन, बाल संसद के सदस्य, विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष सोनामनी मुर्मू, भूतपूर्व छात्रा संगीता मुर्मू, रानी मुर्मू, प्रिया सोरेन व अन्य विशेष रूप से मौजूद थे. इसके अलावा वेलडन इंडिया की टीम ने कार्यक्रम की शूटिंग के लिए बोडाम, जमशेदपुर व मुसाबनी के विद्यालय व गांवों का भी दौरा किया.














