जमशेदपुर : साकची बाजार स्थित श्री श्री शिव मंदिर में सावन माह के शुभ अवसर पर मंगलवार को सर्व कल्याण की कामना के साथ भगवान शिव का सहस्र घट जलाभिषेक किया गया. श्री साकची शिव मंदिर एवं श्री श्याम परिवार की ओर से आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान मंदिर परिसर में जलाभिषेक से पहले पं विपिन झा के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ 11 पुजारियों ने विधिवत अभिषेक पूजा शुभारंभ की. जलाभिषेक के बाद भगवान महादेव का शृंगार कर शाम को महाआरती की गई. महाआरती के बाद प्रसाद वितरण हुआ. (नीचे भी पढ़ें)

इस दौरान मंदिर परिसर में बोल बम और भोले बाबा के जयकारे लगते रहे. मंदिर कमेटी से जुड़े सात यजमान, क्रमशः उषा-उमेश शाह, रानी-संजय अग्रवाल, किरण-कमल चौधरी, अनिता-गिरधारी लाल खेमका, उर्मिला-शंकरलाल अग्रवाल, अंजना-मनोज अग्रवाल, निर्मला-विजय अग्रवाल ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा अर्चना कर महादेव का दुग्धाभिषेक व जलाभिषेक किया. भोले बाबा के अभिषेक के लिए एक छोटे टैंकर में जल जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) से लाया गया था. इस धार्मिक अवसर पर बजरंग लाल अग्रवाल, बबलू अग्रवाल, आशीष खन्ना, मुरारीलाल अग्रवाल, मनीषा संघी सहित काफी संख्या में शिव भक्त उपस्थित थे.














