जमशेदपुर : आदित्यपुर सिटी पैलेस निवासी प्रेम देवी अग्रवाल (पति स्व रामकिशोर अग्रवाल) की आंखें मृत्यु के पश्चात भी दुनिया देखती रहेंगी. मारवाड़ी महिला मंच जमशेदपुर की पहल पर मंच की कार्यकारिणी सदस्य ललिता सरायवाला की मामी सास प्रेम देवी अग्रवाल के निधन के पश्चात उनके पुत्र जितेंद्र अग्रवाल एवं बेटी बीरा अग्रवाल की सहमति से आदित्यपुर निवास पर ही सोमवार 31 जुलाई की देर शाम नेत्रदान कराया गया. इससे दो लोगों की दुनिया रौशन होगी. (नीचे भी पढ़ें)
इस नेक कार्य में रोशनी संस्था की अध्यक्ष तरु गांधी, सचिव परविंदर तथा डॉ अजय गुप्ता (नेत्र रोग विशेषज्ञ), मंच की नेत्रदान प्रमुख सुशीला खीरवाल की अहम भूमिका रही. इस पुनीत कार्य के लिए मारवाड़ी महिला मंच, जमशेदपुर की अध्यक्ष बीना अग्रवाल ने उनके परिजनों, रोशनी संस्था एवं डॉ अजय को साधुवाद दिया. इस प्रकार के नेत्रदान एवं देहदान का कार्य समाज के लिए मार्गदर्शक एवं मिसाल साबित होता है. मंच की सुशीला खीरवाल ने बताया कि प्रेम देवी का आकस्मिक निधन सोमवार की शाम 5 बजे हो गया था. अंतिम संस्कार भी कर दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)

मारवाड़ी महिला मंच जमशेदपुर की ओर से नेत्रदान महादान पर एक अभियान चलाया जा रहा है जिससे मृत्यु के पश्चात नेत्रदान करवाने में सक्षम भी हो रहे हैं. अब लोगों में काफी जागरूकता आ गई है. बहुत खुशी की बात है कि अब नेत्रदान के लिए लोग स्वयं संपर्क कर रहे हैं. इस कार्य के लिए संस्था सभी सेवाएं निःशुल्क प्रदान करती है. उन्होंने समाज के सभी बंधुओं से अपील की कि अगर किसी के घर में ऐसी घटना होती है और वे अगर नेत्रदान करवाने के इच्छुक हैं तो मंच की अध्यक्ष बीना अग्रवाल (9304833999), सुशीला खीरवाल (9431952424) एवं सीमा अग्रवाल (7858016351) से संपर्क कर सकते हैं.














