सरायकेला : गुरुवार को उपायुक्त रविशंकर शुक्ला की अध्यक्षता में गूगल मीट के माध्यम से जिला स्तरीय आपदा प्रबंधन समिति की बैठक हुई. बैठक में पूर्व की बैठक में दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गई. इसके तत्पश्चात उपायुक्त ने लगातार हो रही बारिश से स्वर्णरेखा एवं खरकई नदियों के बढ़ते जलस्तर से प्रभावित क्षेत्रों में की जा रही तैयारियों के साथ ही राहत एवं बचाव कार्य की जानकारी लेते हुए सभी वरीय एवं क्षेत्रीय पदाधिकारियों को प्रभावित क्षेत्र में विशेष निगरानी रखते हुए एक्टिव मोड में रहने के निर्देश दिये. बैठक के दौरान स्वर्णरेखा व खरकई के कार्यपालक अभियंता ने बताया कि वर्तमान में जल स्तर खतरे के निशान से नीचे बह रहा है. इस दौरान आदित्यपुर नगर निगम के अपर आयुक्त ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में प्रभावित होने वाले 10 वार्डों के लिए शेल्टर हाउस का चयन कर लिया गया है. साथ ही, लोगों को विभिन्न माध्यमों से जागरूक भी किया जा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)

वहीं चांडिल अनुमंडल पदाधिकारी ने बताया कि चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में प्रभावित क्षेत्रों के लिए सेंटर हाउस का चयन किया गया है. साथ ही प्रभावित क्षेत्रों के लोगों की सहायता के लिए 4 बोट की व्यवस्था कर ली गई है. इस दौरान उपायुक्त ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को अनुमंडल स्तर पर तैराकों की सूची तैयार करने, गोताखोरों के साथ बैठक कर आवश्यकतानुसार उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए. वहीं नगर निकाय क्षेत्र के सिटी मैनेजर एवं अंचलाधिकारी को मछुआरों/ मत्स्य पालकों के साथ बैठक कर आवश्यकतानुसार उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उपायुक्त ने आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के लिए आवश्यकतानुसार गोताखोर, नाव, मोटर बोट, सेफ्टी किट की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उपायुक्त ने कहा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बनाए गए शेल्टर हाउस में रह रहे लोगों के लिए भोजन-पानी बच्चों के लिए दूध-बिस्किट/ ब्रेड तथा मेडिकल किट की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा. (नीचे भी पढ़ें)

उपायुक्त ने अनुमंडल स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित करने तथा सुरक्षा के दृष्टिकोण से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार धारा 144 लगाने के निर्देश भी दिए गए. वहीं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बाढ़ का पानी घटते ही ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उपायुक्त ने कहा लगातार हो रही बारिश से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को विभिन्न माध्यम से जागरूक करने को कहा ताकि किसी भी प्रकार से होने वाली जान- माल की क्षति को रोका जा सके. बैठक में उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार गगराई, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी हरविंदर सिंह, अपर उपायुक्त सुबोध कुमार, अपर नगर आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला- चांडिल, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, सभी नगर निकाय क्षेत्रों के कार्यपालक पदाधिकारी, सभी कार्यपालक अभियंता एवं अन्य उपस्थित रहे.



