रामगोपाल जेना/चाईबासा : चाईबासा स्थित पिल्लई सभागार में सोमवार को उपायुक्त अनन्य मित्तल की अध्यक्षता में सरकारी विद्यालयों /महाविद्यालयों के लिए एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन हुआ. इसमें शिक्षकों को कक्षा 1 से 12 तक की पढ़ाई करानेवाले विद्यालयों/महाविद्यालयों में अगस्त 2023 से प्रस्तावित साप्ताहिक जांच परीक्षा के लिए प्रोजेक्ट रेगुलर एसेसमेंट फॉर इंप्रूव लर्निंग के संचालन क्रियान्वयन के लिए मानक संचालन प्रक्रिया से अवगत कराया गया. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यशाला को संबोधित करते हुए उपायुक्त श्री मित्तल ने कहा कि स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग से प्राप्त निर्देश के आलोक में जिले में शुरू किये जा रहे इस नवाचारी प्रयोग की संचालन प्रक्रिया को आत्मसात करते हुए प्रखंड एवं विद्यालय स्तर पर अपने-अपने दायित्व का निर्वहन करना अति महत्वपूर्ण होगा. इस दौरान बताया गया कि साप्ताहिक जांच परीक्षा के लिए कक्षावार एवं विषयवार साप्ताहिक विच्छेदित पाठ्यक्रम तथा साप्ताहिक जांच परीक्षा की समय-सारणी जेसीईआरटी – रांची ने निर्धारित की है, जो गूगल ड्राइव लिंक के माध्यम से सभी प्राचार्यों को उपलब्ध कराया जायेगा.(नीचे भी पढ़ें)

कार्यशाला में बताया गया कि प्रोजेक्ट रेल (आरएआइएल) का संचालन राज्य के सभी 24 जिलों के सरकारी-अर्द्धसरकारी, प्रस्वीकृति प्राप्त, गैर सरकारी सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) विद्यालयों में लागू किया जा रहा है. प्रश्न-पत्र एवं उत्तर-कुंजिका का निर्माण प्रारंभ में 02 महीने तक सभी कक्षा के सभी विषयों की साप्ताहिक जांच परीक्षा के लिए प्रश्न पत्र वस्तुनिष्ठ प्रकृति के होंगे. कार्यशाला में सहायक समाहर्ता श्रुति राजलक्ष्मी, जिला शिक्षा अधीक्षक अभय कुमार शील, क्षेत्रीय शिक्षा पदाधिकारी- जगन्नाथपुर, मनोहरपुर, चक्रधरपुर, सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सहित सभी संलग्न विद्यालयों के प्राचार्य व अन्य उपस्थित रहे.



