रांची: रांची जमीन घोटाले मामले में प्रेम प्रकाश को ईडी ने गिरफ्तार किया है. बीते दिनों इस मामले में ईडी ने न्यूक्लियस मॉल के मालिक व कारोबारी विष्णु अग्रवाल को गिरफ्तार किया था. अवैध खनन से जुड़े मनी लॉउन्ड्रिंग मामले के आरोप में जेल में बंद प्रेम प्रकाश को ईडी ने जमीन फर्जीवाड़े केस में रिमांड पर ले लिया है. प्रोडक्शन वारंट जारी होने के बाद शुक्रवार को उसे ईडी के विशेष न्यायाधीश दिनेश राय की कोर्ट में पेश किया गया, साथ ही ईडी की ओर से 7 दिन की रिमांड की मांग की गई है. डिमांड पिटीशन पर सुनवाई करने के बाद ईडी कोर्ट ने पांच दिनों की रिमांड को मंजूर करते हुए शनिवार 12 अगस्त से रिमांड पर ईडी को सौंपने का आदेश दिया है.(नीचे भी पढ़े)
विदित हो कि ईडी ने अपनी जांच में पाया है कि जमीन के फर्जी दस्तावेज बनाने वाले गिरोह के सदस्य अफसर अली समेत अन्य आरोपियों से प्रेम प्रकाश की पुरानी पहचान रही है. उसे इसकी जानकारी थी कि जमीन को बेचने के लिए फर्जी डीड तैयार की जाती है और इसी फर्जी डीड के आधार पर जमीन का पॉवर ऑफ देकर इसकी रजिस्ट्री प्रेम प्रकाश के सहयोगी पुनीत भार्गव के नाम पर की गई थी . पुनीत ने फिर इसी जमीन को दो अलग-अलग डीड के जरिए 1.80 करोड़ में विष्णु अग्रवाल को बेचा था. इसमें कमीशन के तौर पर 1.50 करोड़ रुपये प्रेम प्रकाश को मिले थे. ईडी ने जांच में पाया है कि जमीन की डील में विष्णु अग्रवाल को लाभ पहुंचाया था.दोबारा आज प्रेम प्रकाश को गिरफ्तार किया. (नीचे भी पढ़े)
बताते चलें कि प्रेमप्रकाश को ईडी ने 1000 करोड़ के खनन घोटाले मामले में करीब एक साल पूर्व गिरफ्तार किया था. उसके बाद से ही वह लगातार होटवार जेल में बंद हैं. सेना व अन्य भूमि घोटाले मामले में अब तक ईडी रांची के पूर्व डीसी छवि रंजन समेत न्यूक्लियस मॉल के मालिक विष्णु अग्रवाल, कोलकाता केकारोबारी अमित अग्रवाल, जगत बंधु टी इस्टेट के मालिक दिलीप घोष, प्रदीप बागची , बड़गाई अंचल के सीआई भानु प्रताप प्रसाद, अफसर अली ,इम्तियाज अहमद, तलहा खान, फैयाज खान और सद्दाम हुसैन को गिरफ्तार कर चुकी है.











