सोशल मीडिया में आए दिन कई प्रकार के वीडियो वायरल होते रहते हैं. कुछ को देखकर हंसी आती है तो कुछ को देखकर हम उदास भी होते हैं, पर ऐसे बहुत कम ही वीडियो देखने को मिलते हैं, जिन्हें देखकर हम सभी को फील गुड वाली फिलिंग आती हो, गर्व महसूस होता हो. किन्तु मध्यप्रदेश के मंडला से एक ऐसा ही विडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसे देख आप भी बरबस कह उठेंगे – वाह! वायरल विडियो में मंडला कलेक्टर डॉ सलोनी सिडाना बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर मिड डे मील खाती नजर आ रही हैं. यही नहीं, कलेक्ट साहिबा स्कूल में बच्चों का खाना बनाने वाली महिला तीजा बाई को भी अपनी थाली में खाना खिलाते दिख रही हैं. (नीचे भी पढ़ें)

दरअसल 2014 बैच की आइएएस अधिकारी डॉ सलोनी सिडाना को क्षेत्र के स्कूलों में मिल रहे मिड डे मील की गुणवत्ता के विषय में शिकायतें मिली थीं. इसी की जांच करने के लिए उन्होंने क्षेत्र के स्कूल का औचक निरीक्षण किया. प्राथमिक शाला, हर्राटोला में मिड डे मील की गुणवत्ता चेक करने के दौरान उन्होंने स्कूल के बच्चों के साथ मिड डे मील भी खाया एवं स्कूल में बच्चों की उपस्थिति की जांच भी की. इस दौरान उन्होंने बच्चों और ग्रामीणों से बात कर उनकी समस्याओं को भी जाना. साथ ही स्कूल की बच्चियों से पूछा कि उन्हें ड्रेस मिली या नहीं. डॉ सलोनी सिडाना की छवि एक संवेदनशील पदाधिकारी की है.



