जमशेदपुर : सूर्य मंदिर समिति सिदगोड़ा की ओर से श्रावण मास के तीसरे सोमवार को आयोजित होने वाली सामूहिक जलाभिषेक यात्रा को लेकर सूर्य मंदिर समिति ने सारी तैयारियां पूरी कर ली है. जलाभिषेक यात्रा की सफलता एवं भव्यता के लिए सूर्य मंदिर समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह समेत तमाम पदाधिकारी एवं सदस्य तन्मयता से जुटे हैं. पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक रंग-बिरंगी लाइटों एवं फूलों से सजाया गया है. मंदिर के आसपास एवं मंदिर मार्ग के विभिन्न रूटों में केसरिया ध्वज एवं रंग बिरंगी लाइटों से सजाया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
जलाभिषेक यात्रा के लिए सोमवार को प्रातः 6 बजे से श्रद्धालु बारीडीह हरि मंदिर मैदान में एकत्रित होंगे जहां स्वर्णरेखा नदी में 11 सदस्यीय पंडितों के समूह द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ जलाभिषेक का संकल्प कराया जाएगा. इसके पश्चात हजारों की संख्या में श्रद्धालु कतारबद्ध होकर सूर्य मंदिर शिवालय के लिए प्रस्थान करेंगे. जलाभिषेक यात्रा में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री सह सूर्य मंदिर समिति के मुख्य संरक्षक रघुवर दास, संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह के साथ शहर के कई गणमान्य लोग भी शामिल होंगे. जलाभिषेक यात्रा में भक्तिमय संगीत, विशालकाय शिवलिंग, आकर्षक झांकी के साथ बुलडोजर से पुष्पवर्षा की तैयारी की गई है. यात्रा में जमशेदपुर के ए के साहू एंड टीम के साथ बाहर के कलाकार संगीतमय झांकी प्रस्तुत कर मौहाल भक्तिमय बनाएंगे. यात्रा में घोड़ा एवं हाथों में विशाल केसरिया ध्वज लिए युवाओं का समूह सबसे आगे रहेगा. वहीं, सुरक्षा की पहलू पर सूर्य मंदिर समिति की ओर से स्वर्णरेखा नदी में नाव पर 4 गोताखोर एवं यात्रा में 2 एम्बुलेंस के साथ 5 जगहों पर आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल टीम तैनात की गई है.(नीचे भी पढ़ें)
उधर मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ और व्रती श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए बैद्यनाथ धाम की तर्ज पर अरघा के माध्यम से जलार्पण की तैयारी की गई है. इसके साथ ही, श्रद्धालुओं के द्वारा शिवालय में जलार्पण करते विडियो का लाइव प्रसारण दो बड़े एलईडी स्क्रीन पर किया जायेगा. पूरे रास्ते में यातायात नियंत्रण करने और सूर्य मंदिर में सहयोग के लिए 200 से अधिक सूर्य धाम सेवक सक्रिय रहेंगे. यात्रा के दौरान पूरे रास्ते में स्वच्छ एवं निर्मल जल के छिड़काव की व्यवस्था की गई है.(नीचे भी पढ़ें)
जलार्पण के पश्चात सोन मंडप परिसर में श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई है. यहां प्रसाद वितरण के 20 काउंटर एवं पानी के 15 काउंटर लगाए गए हैं. प्रसाद वितरण में मंदिर समिति के सदस्य मौजूद रहेंगे. वहीं, महिलाओं एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग बेरिकेडिंग की गई है. रविवार शाम पूर्व मुख्यमंत्री सह मुख्य संरक्षक रघुवर दास ने महाप्रसाद के लिए बने किचन का निरीक्षण किया.











