जमशेदपुर : मानगो न्यू सुभाष कॉलोनी रोड नंबर 1 निवासी घाटशिला बीडीएसएल महिला कॉलेज की प्रिंसिपल पुष्कर बाला के घर से उस वक्त मोबाइल और बैग की चोरी हो गई जब वह प्रातः रांची जाने के लिए अपने घर में तैयार हो रही थीं. प्रातः 5:30 बजे तैयार होने के बाद अपने ड्राइंग रूम में पलंग के ऊपर उन्होंने अपने दो मोबाइल फोन एवं बैग रखकर उसी कमरे में अन्य काम में व्यस्त हो गईं. अचानक एक लंबा युवक खुले दरवाजे से कमरे में प्रवेश करके अचानक दोनों मोबाइल और बैग लेकर भाग गया. डॉक्टर पुष्कर बाला की नजर जब उस पर पड़ी तो वह तेजी से दरवाजे से बाहर निकल कर चंपत हो गया. (नीचे भी पढ़ें)
डॉ पुष्कर बाला को जरूरी काम से रांची जाना था. उन्होंने भाजपा नेता विकास सिंह को फोन कर मामले की जानकारी दी. विकास सिंह ने डॉक्टर पुष्कर बाला के परिजनों के साथ उलीडीह थाना में जाकर मामला दर्ज कराते हुए चोर को पकड़ने की बात थानेदार से की. मौके पर पहुंचे भाजपा नेता विकास सिंह ने कहा कि चोरों का तांडव सर चढ़कर बोल रहा है. पहले कभी कभार चोरी के मामले रात के अंधेरे में सुनने को मिलते थे, अब 24 घंटे लोग सुरक्षित नहीं हैं. पुलिस अपराधी और चोर के सामने बौनी हो गई है. प्रातः 5:30 बजे चोरों का सक्रिय रहना आम लोगों के लिए चिंता का विषय बन गया है. भाजपा नेता विकास सिंह ने कहा कि जल्द अपराध और चोरी के खिलाफ पैदल मार्च निकाला जायेगा, जिसमें हजारों की संख्या में महिलाएं,पुरुष,बच्चे और नौजवान शामिल रहेंगे. उलीडीह थाने में मुख्य रूप से विकास सिंह, मुन्ना सहाय, पुतुल सहाय, राम सिंह कुशवाहा, उपस्थित थे.











