चांडिल : मंगलवार को चांडिल डैम में छलांग लगाने जा रहे विस्थापित नेता गुरुचरण साव को स्थानीय पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. गुरुचरण चांडिल डैम के विस्थापितों के पूर्ण मुआवजे के भुगतान एवं उनके पुनर्वास सहित अन्य मांगों को लेकर मंगलवार सुबह चांडिल डैम में छलांग लगाने जा रहे थे. (नीचे भी पढ़ें)

बता दें कि चांडिल डैम के विस्थापित अभी अपने मुआवजे के पूर्ण भुगतान के साथ ही संपूर्ण पुनर्वास एवं पूरी तरह पुनर्वासित किये जाने तक चांडिल डैम का जल स्तर 180 मीटर से अधिक नहीं होने देने की मांग को लेकर आंदोलन चला रहे हैं. हालांकि उनकी मांग पर अब तक राज्य सरकार की ओर से कोई पहल नहीं हो पाई है. इसके मद्देनजर गुरुचरण ने सोमवार तक मामले में कोई कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में मंगलवार को चांडिल डैम में छलांग लगाने की चेतावनी दे रखी थी. सोमवार रात अल्टीमेटम का समय समाप्त होने के बाद मंगलवार सुबह वे डैम पहुंचे थे, लेकिन चांडिल थाना पुलिस ने उन्हें डैम के नौका विहार परिसर के पास स्थित एक होटल से गिरफ्तार कर लिया.(नीचे भी पढ़ें)
बताते चलें कि चांडिल पुलिस मंगलवार सुबह से ही चांडिल डैम और आसपास के इलाकों की कड़ी निगरानी में थी. चांडिल थाना प्रभारी दिनेश ठाकुर स्वयं पुलिस बल के साथ गश्ती कर रहे थे. इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि विस्थापित गुरुचरण साव डैम परिसर पहुंच चुका है. इसके बाद पुलिस के जवानों ने उसकी तलाश शुरू कर दी. डैम के ऊपर किसी के भी जाने की मनाही थी. इसी क्रम में तकनीकी आधार पर उसे एक होटल से पकड़ लिया गया. थाना प्रभारी दिनेश ठाकुर ने बताया कि गुरुचरण साव पुराने मामले में भी वांछित था. उसे न्यायालय में पेश किया गया, जिसके बाद मेडिकल जांच करा कर उसे जेल भेज दिया गया.











