जमशेदपुर : जमशेदपुर के डीसी मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा मंगलवार को डेंगू रोकथाम के लिए जागरूकता रथ को समाहरणालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया. जागरूकता रथ जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में घूमकर लोगों को डेंगू रोग और उसके रोकथाम के बारे में जागरूक करेगा. मौके पर उपायुक्त ने कहा कि डेंगू के रोकथाम और नियंत्रण के लिए जनभागीदारी जरूरी है. उन्होंने लोगों से डेंगू को लेकर जागरूक रहने और इसके रोकथाम के लिए सभी एहतियाती कदम उठाने की अपील की है. कहा कि डेंगू का प्रसार जिले में नहीं हो इसमें प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है.
डेंगू के रोकथाम के लिए कुछ महत्वपूर्ण उपाय निम्नवत हैं
क्या करें- डेंगू / चिकनगुनिया फैलाने वाले एडिस मच्छर साफ पानी में ही पनपते हैं, इसलिए पानी के बर्तनों, पानी की टंकी आदि को ढक कर रखें। घर के आस-पास सफाई रखें.
॰ जब भी सोयें, मच्छरदानी के अंदर ही सोयें.
॰ पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें.
॰ डेंगू / चिकनगुनिया बुखार के उपचार के लिए कोई विशेष दवा नहीं है. अगर डेंगू/चिकनगुनिया के लक्षण दिखाई दे तो तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें. (नीचे भी पढें)

क्या नहीं करें : घर के आस-पास या छत पर प्रयोग में न आने वाले बर्तन, टायर आदि न रखें एवं घर में कूलर बाल्टी, फूलदान, फ्रिज ट्रे में पानी जमा नहीं होने दें.
॰ मच्छरों से बचाव के लिए घर की खिड़की तथा दरवाजे पर जाली लगवायें.
॰ टूटे हुए बर्तन, प्रयोग में नहीं आने वाली बोतलें, टिन, बेकार के टायरों को जमा न रखें, क्योकि बारिश के मौसम में इन्ही में पानी जमा होता है, जिसमें एडिस मच्छर पनपते हैं.
॰ तेज बुखार, जोड़ों एव मांसपेशियों में दर्द एवं आंख के पीछे दर्द को अनदेखा न करें, यह डेंगू / चिकनगुनिया हो सकता है. ये लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें.











