रांची : झारखंड के रांची स्थित सुखदेव नगर क्षेत्र से गायब एक नाबालिग लड़की को उत्तर प्रदेश के रेड लाइट एरिया से बरामद किया गया. नाबालिग लड़की को उसके ही पड़ोसी द्वारा एक महिला दलाल के पास बेच दिया गया था. यूपी पुलिस के साथ की गई रेड में महिला दलाल के पास फंसी हुई कई लड़कियों को भी छुड़ाया गया है. 13 अगस्त को रांची के सुखदेव नगर थाने में नाबालिग के परिजनों ने अपनी बेटी के गायब होने को लेकर प्राथमिकी दर्ज करवाई थी. दर्ज प्राथमिकी में नाबालिग को गायब करने का आरोप ज्वाला प्रसाद नाम के व्यक्ति पर लगाया गया था. ज्वाला प्रसाद नाबालिग के पड़ोस में ही रहा करता था. सुखदेव नगर पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी तो उन्हें यह जानकारी मिली कि नाबालिग को उत्तर प्रदेश के कुशीनगर स्थित कासिया बाजार में एक महिला दलाल के पास बेच डाला गया है. (नीचे भी पढ़ें)
सुखदेव नगर थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि सुखदेव नगर थाने की एक टीम जब यूपी के कासिया बाजार पहुंची और उन्होंने स्थानीय पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी. जिस महिला के बारे में यूपी पुलिस को जानकारी दी गई थी उसे लेकर यूपी पुलिस के पास भी कुछ जानकारियां थीं. यह जानकारी मिली थी कि वह जिस्मफरोशी के धंधे में लिप्त है और बाहर से लड़कियों को मंगा कर अपने पास रखती है. उन्हें जिस्म के कारोबार के दलदल में धकेल देती है. पुख्ता जानकारी मिलने के बाद यूपी पुलिस के साथ रांची पुलिस ने महिला के ठिकाने पर रेड किया. जहां से न सिर्फ रांची की नाबालिग को बरामद किया गया बल्कि वहां कुछ अन्य लड़कियां भी बरामद हुई. ये लड़कियां विभिन्न शहरों से आई हुई थीं सभी को मुक्त करवा लिया गया. फिलहाल महिला दलाल यूपी पुलिस की हिरासत में है. नाबालिग को मुक्त करवाने के बाद रांची पुलिस को यह जानकारी मिली कि आरोपी ज्वाला प्रसाद रांची में ही कहीं छुपा हुआ है, जिसके बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया. आरोपी ज्वाला प्रसाद नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था और वहां महिला दलाल के पास छोड़कर वापस आ गया था.











