
जमशेदपुर : प्रतिदिन डेंगू के बढ़ रहे मामलों से घर परिवार वाले जहां अपनों के स्वास्थ्य को लेकर चिन्तित हैं, वहीं ऐसे समय में जरूरत पर इस बीमारी से उपजे ब्लड प्लेटलेट्स की कमी को दूर करने के लिए एसडीपी का दान करने वाले समाज के लिए प्रेरणाश्रोत हैं. रेड क्रॉस सोसाईटी पूर्वी सिंहभूम के एसडीपी डोनेशन प्रभारी प्रभुनाथ सिंह लगातार इस दिशा में कार्य करते हुए नये नये रक्तदाताओं को एसडीपी डोनेशन से जोड़ रहे हैं ताकि हर जरूरतमंद को समय पर एसडीपी मिल सके. मंगलवार को तीन एसडीपी डोनेशन श्री सिंह की उपस्थिति में जमशेदपुर ब्लड सेन्टर में सम्पन्न हुआ, जिसमें टाटा स्टील कर्मी चन्दन कुमार ने दूसरी बार एसडीपी का दान किया, उन्होने कोविड काल में 6 बार प्लाज्मा का दान किया था. टाटा स्टील कर्मी व यूनियन कमेटी मेम्बर के कृष्णा पाण्डे ने भी मंगलवार को अपना पहला एसडीपी डोनेशन किया, उन्होने अब तक 15 बार रक्तदान किया है. इसी क्रम में टाटा स्टील कर्मी ए आलम ने अपना 11वां एसडीपी दान कर 22 रक्तदान को पूरा किया. सभी एसडीपी दाताओं को एसडीपी डोनेशन प्रभारी प्रभुनाथ सिंह एवं जमशेदपुर ब्लड सेन्टर के वरीय चिकित्सक एवं तकनिशियनों ने सम्मानित किया.












