गालूडीह : गालूडीह के बड़ाखुर्शी पंचायत भवन परिसर में बुधवार को कैंप लगाकर मुख्यमंत्री फसल राहत योजना के ऑनलाइन आवेदन पत्र भराया जा रहा है. इस अवसर पर पंचायत के काफी संख्या में किसानों ने आवेदन पत्र भरा है. सभी किसानों का केवाईसी कर फसल का बीमा किया जा रहा है. योजना का लाभ लेने के लिए अपने नजदीकी प्रज्ञा केंद्र में जाकर 30 सितंबर 2023 तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है. किसान प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान से घबराए बिना फसल राहत योजना के अंतर्गत आवेदन कर फसल क्षति सहायता राशि का लाभ प्राप्त कर सकते हैं. (नीचे भी पढ़ें)
किसानों ने कहा कि मौसम की बेरुखी को देखते हुए उनकी चिंता बढ़ गयी है. इसीलिए फसल राहत योजना का फार्म जरूरी हो गया है. वहीं बड़ाखुर्शी पंचायत के मुखिया हरिपद सिंह ने किसानों से कहा गया कि वे फार्म के साथ आधार कार्ड की छायाप्रति, बैंक पासबुक की छायाप्रति तथा जमीन की लगान रसीद की फोटोकॉपी दें. साथ ही फार्म लेकर अपना विवरण और भूमि से संबंधित जानकारी भरें. मौके पर मुखिया हरिपद सिंह, पंसस रतन महतो, सभी वार्ड सदस्य उपस्थित थे.












