सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिला कांग्रेस अध्यक्ष विशु हेम्ब्रम के इस्तीफे के बाद से पार्टी का जिलाध्यक्ष कौन होगा इसको लेकर हलचल तेज हो गयी है. कार्यकारी जिलाध्यक्ष अंबुज कुमार को लेकर पार्टी के कई नेताओं में नाराजगी है, तो कई नेता किसी एसटी कैंडिडेट को ही जिलाध्यक्ष बनाए जाने की मांग कर रहे हैं. हालांकि पार्टी के जिला प्रभारी सभी से रायशुमारी कर रहे हैं. लोकसभा चुनाव से ठीक पहले पार्टी का अंदरूनी कलह कहीं न कहीं विपक्ष को बल दे रहा है जो आनेवाले दिनों में मुद्दा बन सकता है. बता दें कि विशु हेम्ब्रम पर पार्टी की ही एक महिला कार्यकर्ता ने शादी का झांसा देकर आदित्यपुर थाने में यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है. जिसके बाद से विशु हेम्ब्रम पर गिरफ्तारी की तलवार लटकने लगी है. साथ ही पार्टी विपक्ष के निशाने पर आ गयी है. इधर आदित्यपुर पुलिस लगातार विशु हेम्ब्रम की तलाश में छापेमारी कर रही है, हालांकि पुलिस विशु हेम्ब्रम को ढूंढ पाने में नाकाम रही है.











