चाकुलिया : चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र और ग्रामीण क्षेत्र में डेंगू का कहर जारी है. डेंगू के रोकथाम के लिए नगर पंचायत प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग टीम द्वारा अभियान चलाकर डेंगू के प्रभाव को रोकने के लिए ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है, इसके पश्चात भी दिन प्रतिदिन शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में डेंगू मरीजों के संख्या बढ़ता जा रहा है. चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के गोड़पाड़ा निवासी राधा रमन पोलाई की 35 वर्षीय पत्नी मंदाकिनी पोलाई की ओड़िशा के भुवनेश्वर के एक अस्पताल में इलाज के दौरान बीती रात मौत हो गयी है. मंदाकिनी पोलाई की मौत की सूचना पाकर परिवार के लोगों का रो-रोकर बूरा हाल है. शुक्रवार सुबह पार्थिव शरीर चाकुलिया पहुंची. इस खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ पड़ी है. लोगों में दहशत व्याप्त है. (नीचे भी पढ़ें)
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार मंदाकिनी पोलाई की 15 अगस्त को तबीयत बिगड़ी थी. स्थिति बिगड़ते देख परिजन पहले झारग्राम में इलाज के लिए भर्ती कराया था, जहां स्थिति में सुधार नहीं होने से ओड़िशा के कटक ले जाया गया. वहां पर स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ तो भुवनेश्वर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान गुरुवार रात में उनकी मौत हो गयी. चाकुलिया प्रखंड क्षेत्र में मिले डेंगू मरीजों को परिवार के लोग पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम में इलाज करा रहें है. बताया जाता है कि चाकुलिया में डेंगू मरीजों का उचित इलाज एवं जांच की व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीण पड़ोसी राज्य के पश्चिम बंगाल और ओड़िशा में जाकर अपना इलाज करवा रहे हैं. वर्तमान में चाकुलिया में डेंगू के दर्जन भर मरीज मिले हैं, सभी बंगाल और ओड़िशा में अपना इलाज करवा रहे हैं. प्रशासन द्वारा डेंगू फैलने के बाद नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में बिल्चिंग पाउडर का छिड़काव और फोगिंग मशीन चलाए जा रहे हैं ताकि क्षेत्र में मच्छर को मारा जा सके.




