जमशेदपुर : जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी के चुनावी साक्षरता क्लब की ओर से शुक्रवार को चुनावी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कुलपति डॉ अंजिला गुप्ता के निर्देशन में ऑडियो विजुअल रूम में आय़ोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत यूनिवर्सिटी प्रतिनिधि डीएसडब्ल्यू डॉ किश्वर आरा के औपचारिक स्वागत के साथ हुई. चुनावी साक्षरता क्लब की नोडल अधिकारी डॉ. सोनाली सिंह ने प्रारंभिक संबोधन किया, जिसमें उन्होंने मतदान के महत्व के बारे में चर्चा की और बताया कि कैसे लोगों के पास अपने हित के नेताओं को चुनने की शक्ति है. (नीचे भी पढ़ें)

उनके द्वारा जिन विभिन्न तरह के सार्वजनिक हितों पर चर्चा की गई वे थे– मतदान लोगों को उन निर्णयों में अपनी बात रखने का अधिकार देता है जो उनके जीवन को प्रभावित करते हैं, मतदान लोकतंत्र के स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है, जब लोग वोट नहीं डालते हैं, तो वे प्रभावी रूप से खुद को चुप करा रहे हैं और वोट देने वालों को सत्ता सौंप देते हैं, मतदान महत्वपूर्ण है क्योंकि यह हमारे निर्वाचित अधिकारियों को एक संदेश भेजता है कि हमें इसकी परवाह है कि हमारे देश में क्या हो रहा है और हम उन मुद्दों पर ध्यान दे रहे हैं जो हमारे लिए मायने रखते हैं आदि. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भारतीय चुनाव आयोग द्वारा प्रस्तुत एक नाटक था जिसके माध्यम से सभी को चुनाव प्रक्रिया में शामिल होने के लिए समझाने की कोशिश की गई. चुनाव आयोग की ओर से कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें छात्राओं को पुरस्कार भी बांटे गए. अंत में धन्यवाद ज्ञापन क्लब के सदस्य एवं प्राध्यापक अमित गुंजन ने किया. इस कार्यक्रम को सफल बनाने में विभिन्न विभागों की छात्राओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. इस कार्यक्रम में बीबीए विभाग की छात्राओं और विशेष कर क्लब की कैंपस एंबेसेडर पूर्णिमा कुमारी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.



