चाकुलिया : झारखंड अनुबंधित पारा चिकित्साकर्मी संघ के बैनर तले अनुबंध स्वास्थ्य कर्मी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर पिछले चार दिनों से राजभवन के समक्ष अनशन पर हैं. संघ के संयुक्त सचिव संतोष कुमार ने कहा कि अनुबंध स्वास्थ्यकर्मी अपनी मांगों को लेकर अनशन पर हैं, परंतु विभाग के पदाधिकारी या किसी भी जनप्रतिनिधि ने उनकी अब तक सुधि तक नहीं ली है. सरकार अनुबंध स्वास्थ्य कर्मियों को रोड पर उतर कर उन्हें आंदोलन करने के लिए बाध्य कर रही है. सरकार ने अगर जल्द उनकी मांगों पर अमल नहीं किया तो सभी अनुबंध स्वास्थ्य कर्मी सरकार के खिलाफ चरणबद्ध उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे. सरकार से संघ की मांग है कि अनुबंध पर कार्यरत जिन कर्मियों का स्थानीय प्रमाण पत्र नहीं बना है, अविलंब बनाया जाये, अनुबंध कर्मि जो कार्यरत हैं और प्राथमिकता की अहर्ता रखते हैं व किसी कारण से पारामेडिकल परिषद में निबंधन से वंचित हैं उन्हें निबंधन की अनुमति दी जाए, पारा मैडिकल नियमावली 2018 में कहीं भी निम्न प्राप्तांक का जिक्र नहीं था इसके होने से अनुबंध कर्मी और समान्य अभ्यर्थी में कोई अंतर नहीं रह गया. उन्होंने कहा कि उक्त के अलावा 40 प्रतिशत प्राप्तांक की अनिवार्यता समाप्त करने समेत अन्य मांगों को लेकर अनुबंध स्वास्थ्य कर्मी अनशन पर हैं.



