
जमशेदपुर : टाटा वर्कर्स यूनियन के शनिवार को हुए चुनाव के दौरान मतदान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतगणना हुई. यूनियन परिसर के कांफ्रेंस हॉल में ही मतगणना का काम हुआ. इसमें गिरीश राव जीतने में कामयाब रहे. इस दौरान कुल सौ लोगों ने मतदान किया, जिसके तहत 52 मत गिरीश कुमार राव को मिले जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी विश्वनाथ कर को 45 और प्रशांत कुमार महंता को 3 मत प्राप्त हुए. मतगणना के बाद चुनाव पदाधिकारी भगवान सिंह ने उनको जीतने का प्रमाण पत्र दिया.
इसके बाद विजेता गिरीश राव ने मजदूर हित में काम करने का अपना वादा दोहराया. एक ही सीट के लिए यह उपचुनाव होना था. दूसरी ओर, टाटा वर्कर्स यूनियन के संविधान के मुताबिक, एक बार फिर से अक्तूबर माह में दो कमेटी मेंबर रिटायर होने वाले है. उनके स्थान पर सीट खाली होने वाला है. यहीं वजह है कि अक्तूबर में एक बार फिर से उपचुनाव कराने होंगे. हालांकि, चुनाव पदाधिकारी भगवान सिंह ही बने रहेंगे.



