
जमशेदपुर : झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास अपने नजदीकी लोगो से ही परेशान है. उनके मुख्यमंत्री बनने के बाद नजदीकी लोग बेलगाम हो गए है. शनिवार को एक और शर्मनाक घटना घटी. मुख्यमंत्री के कर्मस्थली कहे जाने वाले जमशेदपुर के भालूबासा किशोर संघ में मुख्यमंत्री के विधायक प्रतिनिधि पवन अग्रवाल को मुख्यमंत्री के भतीजे कमलेश साहू ने पिटाई कर दी. पवन अग्रवाल को कमलेश साहू ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा. जब किशोर संघ के एक कमरे में भागकर पवन अग्रवाल ने बचने की कोशिश की तो कमलेश वहां भी घुस गया और कमरा बंदकर पवन अग्रवाल को मन भर पिटाई की और फिर आराम से वहां से निकल गया. बताया जाता है कि पवन अग्रवाल ने पहले किशोर संघ में बैठने पर कमलेश साहू पर आपत्ति जताई थी और गाली दे दी थी, जिसके गुस्से में कमलेश साहू ने पवन पर हमला कर दिया. इस दौरान पवन अग्रवाल के साथ भाजपा के एक प्रदेश कार्यसमिति सदस्य और भाजयुमो के प्रदेश स्तर के नेता भी थे जो जान बचाकर वहां से भागे. इस बारे में कमलेश साहू और पवन अग्रवाल से बात करने का प्रयास किया गया लेकिन उनसे बात नही हो पाई.



