
जमशेदपुर : टाटा स्टील के कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर है. टाटा स्टील के कर्मचारियों को सारा बकाया इंसेंटिव बोनस मिल जायेगा. लॉकडाउन के दौरान कर्मचारियों को अपने विभागों में मिलने वाले सारे डीडब्ल्यूआइबी (डिपार्टमेंट वाइज इंसेंटिव बोनस) अप्रैल माह से नहीं मिल पा रहा था क्योंकि वहां उत्पादन नहीं हो पाया था. दरअसल, टाटा स्टील के कर्मचारियों को शत-प्रतिशत उत्पादन होने पर 66 प्वाइंट डीडब्ल्यूआइबी मिलता था जबकि अगर यह उत्पादन 60 फीसदी होने पर डीडब्ल्यूआइबी जीरो हो जाता है. लॉकडाउन के दौरान कई विभागों में तो आधा ही उत्पादन होता रहा, जिस कारण कर्मचारियों को डीडब्ल्यूआइबी नहीं मिल पा रहा था. इसको देखते हुए टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष आर रवि प्रसाद ने इस मामले को लेकर प्रबंधन से बातचीत की थी. इस बातचीत के बाद यह तय कर दिया गया है कि सारे कर्मचारियों को लंबित डीडब्ल्युआइबी तो नहीं मिलेगा लेकिन कई विभागों में जिस तरह सीडब्ल्यूआइबी (कंपनी वाइज इंसेंटिव बोनस) मिलता है, उसी तरह सीडब्ल्यूआइबी विभागों में मिला करेगा. इसके तहत अप्रैल माह में कर्मचारियों को 39 प्वाइंट, मई माह में 19 प्वाइंट और जून माह में 18 प्वाइंट सीडब्ल्यूआइबी मिला करेगा.
इस तरह तीन माह में कुल 76 प्वाइंट कर्मचारियों को सीडब्ल्यूआइबी मिलेगा. इसके तहत कर्मचारियों को हर माह 500 रुपये से लेकर 1500 रुपये का अतिरिक्त लाभ मिलेगा, जिसका एरियर की राशि मिल जायेगा. कर्मचारियों को इस माह के वेतन के साथ सितंबर माह के वेतन में अतिरिक्त लाभ मिलेगा. एक कर्मचारी को यह लाभ मिला करेगा. यह लाभ टाटा स्टील के एलडी 2 के करीब 1000, सीआरएम का करीब 600 कर्मचारी, कोक प्लांट में करीब 1200 कर्मचारी, मर्चेंट मिल में करीब 400 कर्मचारी और न्यू बार मिल में करीब 200 कर्मचारियों को इसका लाभ मिलेगा. इन सारे विभागों में कर्मचारियों को डीडब्ल्यूआइबी नहीं मिल पाया था क्योंकि वहां अप्रैल माह से लेकर जून माह तक जीरो आइबी हो गया था और उत्पादन पर भी इसका प्रतिकूल असर पड़ा था.




