
जमशेदपुर : टाटा स्टील प्रबंधन ने कार्य में लापरवाही बरतने के लिए टाटा वर्कर्स यूनियन के पूर्व अध्यक्ष आरबीबी सिंह के पुत्र राजेश सिंह को तीन दिनों के लिए सस्पेंड कर दिया है. बताया जाता है कि उन पर कंपनी के रुल्स के खिलाफ काम करने और कार्य में लापरवाही बरतने का आरोप साबित हुआ है, जिसके तहत पहली चेतावनी के तहत उनको तीन दिनों के लिए सस्पेंड कर दिया गया है. उन पर यह भी आरोप है कि उन्होंने आइओडब्ल्यू का भी गलत तरीके से लाभ लिया था, जिसको देखते हुए टाटा स्टील मैनेजमेंट ने जांच शुरू की थी. इस जांच के दौरान आरोप को सही पाया गया. इस मामले में एक और कर्मचारी के खिलाफ जांच चल रही है, जिसके खिलाफ अगर मामला सही पाया गया तो उस कर्मचारी पर भी गाज गिरायी जायेगी. टाटा वर्कर्स यूनियन के पूर्व अध्यक्ष आरबीबी सिंह के पुत्र राजेश सिंह वर्तमान में कोक प्लांट में फोरमैन के पद पर कार्यरत है. उनके खिलाफ इस कार्रवाई के बाद यूनियन से जुड़े नेताओं में भी हड़कंप है. वैसे खुद राजेश सिंह भी कद्दावर कमेटी मेंबर रहे है और उनकी भी यूनियन में पकड़ है, लेकिन इसके बावजूद मैनेजमेंट ने कार्यवाही कर साफ कर दिया है कि उनकी नजर में काम में लापरवाही या नियमों का उल्लंघन किसी व्यक्ति के लिए अलग-अलग नहीं है, बराबर की कार्रवाई होगी. आपको बता दें कि टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष के तौर पर आरबीबी सिंह काफी कद्दावर नेता के रुप में जाने जाते है.




