जमशेदपुर : झारखंड राज्य सजा पुनरीक्षण पर्षद की मंजूरी के बाद राज्य भर के कुल 51 बंदियों को जेल से रिहा किया जा रहा है. इस कड़ी में जमशेदपुर के घाघीडीह सेंट्रल जेल से 8 कैदी और साकची उपकारा से 2 कैदियों को रिहा कर दिया गया. उनके बेहतर आचरण और उनके स्वास्थ्य कारणों को देखते हुए उनको रिहा किया गया है. रिहा होने वाले कैदियों को उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए विदा किया गया और बेहतर और नेक इंसान बनने की सीख दी गयी. इस दौरान जेल अधीक्षक अजय कुमार प्रजापति और जेलर बबलू गोप ने सारे कैदियों को माला पहनाकर विदा किया. रिहा होने वाले सारे कैदी सजायाफ्ता थे. रिहा होने वाले कैदियों में घाघीडीह जेल में बंद पश्चिम सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के मोंगरा गांव के रहने वाले 60 वर्षीय संग्राम सिंकू शामिल है, जिस पर हत्या का मुकदमा था. इसके अलावा जमशेदपुर के बहरागोड़ा के मटिहाना गांव के रहने वाले 61 वर्षीय कोंका बेरा शामिल है, जिनके खिलाफ हत्या का मामला था, जो सजायाफ्ता थे. (नीचे भी पढ़े)

इसी तरह जमशेदपुर के डुमरिया थाना क्षेत्र के माहलीसाई के लोगो निवासी 59 वर्षीय तोगो सामड है, जिन पर भी हत्या का मामला था और वे आजीवन कारावास की सजा काट रहे थे. पश्चिम सिंहभूम जिले के टोंटो के पुरनापानी गांव के रहने वाले 47 वर्षीय सनातन सुंडी पर भी हत्या का मामला था, जो आजीवन कारावास की सजा काट रहा था, उनको भी रिहा किया गया. जमशेदपुर के चाकुलिया के बनकाटी के रहने वाले 52 वर्षीय सुनील हांसदा भी हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे थे, जिनको रिहा किया गया. वहीं, साकची जेल में बंद जमशेदपुर के पत्थल गांव के रहने वाले 38 वर्षीय मिथुन कुमार को भी रिहा किया गया, जिनके खिलाफ घाटशिला थाना में हत्या का मामला दर्ज था और उनको सजा सुनायी गयी थी. (नीचे भी पढ़े)

वहीं, घाघीडीह जेल में बंद पश्चिम सिंहभूम जिले के बामेबासा के रहने वाले सुनील बारी को भी हत्या और साक्ष्य छुपाने के मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनायी गयी थी, जिनको रिहा किया गया. इसी तरह पश्चिम सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर के मोंगरा में हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे बिनोद सिंकू, पश्चिम सिंहभूम जिले के झींकपानी के भुइयासाई निवासी 46 वर्षीय जुंबल नायक पर डायन हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनायी गयी थी जबकि पश्चिम सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर के गुड़ासाई निवासी 44 वर्षीय साहेब जामुदा उर्फ रघुनाथ जामुदा को भी हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनायी गयी थी, जिनको रिहा किया गया.














