जमशेदपुर : लौह नगरी जमशेदपुर में शुक्रवार को ईद मिलादुन्नबी का त्योहार पूरी अकीदत और एहतराम के साथ मनाया गया. इस मौके पर मानगो के ओल्ड पुरुलिया रोड से लेकर धतकीडीह तक चारों ओर रौनक और जश्न का माहौल नजर आया. कार, बाइक और ट्रकों पर सवार अकीदतमंद “सरकार की आमद मरहबा, आका की आमद मरहबा” के नारे लगाते आगे बढ़ रहे थे. (नीचे भी पढ़ें)
जुलूस-ए-मोहम्मदी मानगो गांधी मैदान, जुगसलाई और मकदमपुर से उलेमा की तकरीर के बाद निकला. इसमें एक लाख से ज्यादा अकीदतमंद शामिल हुए. सबसे आगे उलेमा कारी जिया-उल-मुस्तफा और अन्य मौलाना चल रहे थे, जबकि उनके पीछे आमजन, फिर जीप, कार, बाइक और ट्रक पर सवार लोग शामिल थे. वाहनों से नात ए पाक का तराना गूंज रहा था. (नीचे भी पढ़ें)
यह भी पढ़ें: Jamshedpur hungama : जुगसलाई में दो समुदाय के लोगों में बवाल, पुलिस को चलानी पड़ी गोली, देखिये – video
जुलूस लगभग 10 किलोमीटर लंबा था, जिसमें कई ट्रेलर और ट्रक, सैकड़ों कारें और करीब पांच हजार मोटरसाइकिलें शामिल थीं. मानगो से लेकर साकची और धतकीडीह तक जगह-जगह लगाए गए स्टॉलों से अकीदतमंदों का गर्मजोशी से इस्तकबाल किया गया. राहगीरों और जुलूस में शामिल लोगों के बीच चाय, हलवा, बिरयानी, चना, टॉफी, संतरा और बिस्किट बांटे गए. (नीचे भी पढ़ें)
इस मौके पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सैकड़ों की संख्या में पुलिस जवानों की तैनाती की गई थी. जुलूस-ए-मोहम्मदी पूरी तरह शांतिपूर्वक संपन्न हुआ. धतकीडीह पहुंचने पर अकीदतमंदों ने जुमे की नमाज अदा की और पैगंबर मोहम्मद साहब की पैदाइश के पर्व को दोहरी खुशियों के साथ मनाया.













